Meerut News: मेरठ में खूनी रिश्ते फिर हुए शर्मसार, पोते ने की दादा की गोली मारकर हत्या

Meerut News: बैंक से लौटते समय जैसे ही जगत सिंह अपने गांव के पास पहुंचा वहां पहले घात लगाए खड़े उसके पोते तरुण ने उसे रास्ते में रोका और फिर गोली मार दी।

Update:2023-08-11 19:32 IST
Meerut Grandson shot dead grandmother in land dispute

Meerut News: मेरठ में एक बार फिर खूनी रिश्ते शर्मसार हुए हैं। घटना जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर गांव पहाड़पुर की है। जहां पर पोते ने दादा की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है। सूचना लगने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भेज दिया गया है।

पूरा मामला

जानकारी के अनुसार पहाड़पुर गांव निवासी 70 वर्षीय जगत सिंह पुत्र आशाराम का अपने पुत्र के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस दौरान वह अपने भाई के यहां रह रहा था। आज सुबह जगत सिंह साइकिल से मवाना खुर्द स्थित बैंक रुपया निकालने गया था। बैंक से लौटते समय जैसे ही जगत सिंह अपने गांव के पास पहुंचा वहां पहले घात लगाए खड़े उसके पोते तरुण ने उसे रास्ते में रोका और फिर गोली मार दी। गोली लगते ही जगत सिंह जमीन पर गिर कर तड़पने लगा। इससे पहले की ग्रामीण उसे अस्पताल पहुंचाते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जगत सिंह को दो गोली मारी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर मवाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हमलावर तरुण को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी हमलावर तरुण ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने दादा से जमीन अपने नाम पर कराने के लिए कह रहा था। जिसके लिए दादा तैयार नहीं था। इसको लेकर परिवार में पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। लेकिन, जगत सिंह को यह अंदाजा शायद नहीं रहा होगा कि जमीन के एक छोटे से टुकड़े के लिए उसका पोता उसकी इस तरह जान ले लेगा।

Tags:    

Similar News