Meerut News: सुभारती युवा उत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बिखेरा जलवा

Meerut News: सुभारती परफार्मिंग आर्ट विभागाध्यक्षा एवं युवा महोत्सव की संयोजक डॉ.भावना ग्रोवर ने बताया हर वर्ष की भांति इस बार भी भारतीय विश्वविद्यालय संघ देश के विभिन्न ज़ोन में अंतर्विश्वविद्यालय युवा महोत्सव का आयोजन कर रहा है।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2024-01-31 15:54 GMT

Meerut News (Pic:Newstrack)

Meerut News: स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से आयोजित सेन्ट्रल ज़ोन के 37 वें अन्तर्विश्वविद्यालय युवा उत्सव 2023-24 के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने अपने हुनर का जलवा बिखेरा। उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश के सुप्रसिद्ध विश्वविद्यालयों से आए युवा विद्यार्थियों ने शास्त्रीय व पाश्चात्य वाद्य यंत्रों के वादन, समूह गायन, एकांकी अभिनय, ललित कलाएँ जैसे कि पोस्टर कला, कार्टून कला, एवं मिट्टी के मॉडल निर्मित करना, और वक्तृत्व कला में उच्चस्तरीय प्रतिभा व कौशल प्रदर्शित किया।

सुभारती परफार्मिंग आर्ट विभागाध्यक्षा एवं युवा महोत्सव की संयोजक डॉ.भावना ग्रोवर ने बताया हर वर्ष की भांति इस बार भी भारतीय विश्वविद्यालय संघ देश के विभिन्न ज़ोन में अंतर्विश्वविद्यालय युवा महोत्सव का आयोजन कर रहा है। सेंट्रल ज़ोन में 37 वें अंतर्विश्वविद्यालय युवा महोत्सव 2023-24 के आयोजन के लिए सुभारती विश्वविद्यालय को आयोजक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं में शास्त्रीय वाद्य यंत्रों के वादन की प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के नन्दलाल बोस ललित कला विभाग में स्थित पंडित बिरजू महाराज नृत्य हॉल में किया गया।

उन्होंने बताया कि कुल 13 विश्वविद्यालय जिनमें बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, राजा मान सिंह तोमर संगीत और कला विश्वविद्यालय ग्वालियर, और सुभारती भी शामिल हैं, के युवा विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेते हुए तबले की थाप और बांसुरी की मधुर तान ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर डाला। उन्होंने बताया कि ललित कला विभाग में ही स्थित सत्यजीत रे प्रेक्षागृह में पाश्चात्य वाद्य यंत्रों के वादन की प्रतियोगिता आयोजित की गयी। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर, और सुभारती विश्वविद्यालय समेत 11 विश्वविद्यालयों ने इस स्पर्धा में हिस्सा लिया।

सत्यजीत रे प्रेक्षागृह में ही समूह गायन (पाश्चात्य) की प्रतियोगिता आयोजित की गयी। जिसमें बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, डॉ. भीम राव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा, और जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर समेत 12 विश्वविद्यालयों ने इस स्पर्धा में हिस्सा लिया। एकांकी नाटक अभिनय की प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के मांगल्य प्रेक्षागृह में किया गया।

इसमें 12 विश्वविद्यालय के छात्रों जिनमें रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर, बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय, जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, राजा मान सिंह तोमर संगीत और कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर, और सुभारती विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया।

पोस्टर कला प्रतियोगिता का आयोजन ललित कला विभाग के परीक्षा हॉल और कार्टून कला प्रतियोगिता का आयोजन मैनेजमेंट कॉलेज में किया गया। मिट्टी के मॉडल निर्मित करने की प्रतियोगिता सुभारती परिसर में स्थित बोधि वृक्ष उपवन के निकट के मार्ग पर आयोजित की गयी। इन सभी स्पर्धाओं में युवा कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से मन के विचारों को सुन्दर अभिव्यक्ति दी। वक्तृत्व कला प्रतियोगिता का आयोजन सुभारती लॉ कॉलेज के सरदार पटेल सभागार में किया गया। प्रतियोगिता का विषय ’विकसित भारत / 2047 निर्धारित किया गया। जिस पर 15 विश्वविद्यालयों से आये युवा वक्ताओं ने प्रभावशाली अंदाज़ में अपने तर्कपूर्ण विचार प्रस्तुत किये।

Tags:    

Similar News