Sahibabad Election Result: BJP प्रत्याशी सुनील शर्मा ने रचा इतिहास, बनाया सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड

Sahibabad Election Result 2022: भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने इस सीट पर 2,14,845 मतों से जीत हासिल की है और इसे देश के विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी जीत माना जा रहा है।

Report :  Anshuman Tiwari
Published By :  Ragini Sinha
Update: 2022-03-11 06:39 GMT

भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा (Social media)

Sahibabad Election Result 2022: गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली साहिबाबाद विधानसभा सीट पर इस बार भी सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड बना है। मतदाताओं की संख्या के हिसाब से इस सीट को प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा सीट माना जाता है। 2008 के परिसीमन के बाद बनी इस सीट पर 2017 के चुनाव में भी भाजपा ने प्रदेश में सबसे बड़ी जीत हासिल की थी और 2022 के चुनाव में भी यह सिलसिला जारी रहा। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को सबसे बड़ी जीत इसी सीट पर हासिल हुई है।

भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने इस सीट पर 2,14,845 मतों से जीत हासिल की है और इसे देश के विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी जीत माना जा रहा है। सुनील शर्मा ने नोएडा के भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह की देश में सबसे बड़ी जीत के रिकॉर्ड को चंद घंटों में ही तोड़ दिया। उन्होंने सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अमरपाल शर्मा को हराकर यह जीत हासिल की है।

साहिबाबाद में सबसे ज्यादा मतदाता

सबसे पहले साहिबाबाद विधानसभा सीट के बारे में जानना जरूरी है। इसे प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा सीट माना जाता है। इस सीट पर सबसे ज्यादा मतदाताओं का नाम दर्ज होने के कारण इसे प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा सीट माना जाता रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र में 5.71 लाख पुरुष मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। यदि महिला मतदाताओं की बात की जाए तो 4.40 लाख महिला मतदाता प्रत्याशियों की जीत या हार का फैसला करती हैं। चुनाव प्रचार के दौरान हर प्रत्याशी मतदाताओं से सीधा संपर्क साधने का प्रयास करता है मगर इस विधानसभा क्षेत्र में सभी मतदाताओं तक पहुंचना प्रत्याशियों के लिए काफी मुश्किल काम माना जाता है।

2017 में भी मिली थी सबसे बड़ी जीत

2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर सुनील शर्मा ने जीत हासिल की थी। 2012 के विधानसभा चुनाव में वे दूसरे नंबर पर रहे थे मगर 2017 में उन्होंने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की थी। 2017 में उन्होंने अमरपाल शर्मा को हराकर न केवल 2012 की हार का बदला लिया था बल्कि 1,50,685 मतों से जीत हासिल करके सूबे में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी कायम कर दिया था। सुनील शर्मा 2,62,741 वोट हासिल करने में कामयाब हुए थे जबकि कांग्रेस के अमरपाल को 1,12,056 मत हासिल हुए थे। बसपा के जलालुद्दीन 41,654 मतदाताओं का समर्थन पाने में कामयाब हुए थे। 

इस बार बदले हुए थे सियासी हालात

साहिबाबाद विधानसभा सीट पर इस बार सियासी हालात पूरी तरह बदले हुए थे पिछली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने वाले अमरपाल शर्मा पिछले साल समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे और इस बार सपा के टिकट पर चुनावी अखाड़े में कूदे थे।अमरपाल शर्मा के बारे में एक बात और यह भी उल्लेखनीय है कि वे हर बार नए सियासी दल के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरते रहे हैं। 2012 के विधानसभा चुनाव में वे बसपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे जबकि पिछला चुनाव उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था और दूसरे स्थान पर रहे थे। 

सुनील शर्मा ने रच दिया इतिहास

इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सपा गठबंधन से मिल रही कड़ी चुनौती के कारण साहिबाबाद में भी कड़ी टक्कर की उम्मीद जताई जा रही थी मगर भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने इस सीट पर देश की सबसे बड़ी जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस सीट पर सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अमरपाल शर्मा को 2,14,845 मतों से हराया। विधानसभा चुनावों में इससे देश की सबसे बड़ी जीत माना जा रहा है। इस जीत के साथ ही सुनील शर्मा ने इलाके पर अपनी मजबूत पकड़ एक बार फिर साबित कर दी है।

चंद घंटों में टूटा पंकज सिंह का रिकॉर्ड 

सुनील शर्मा ने नोएडा से चुनाव जीतने वाले भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी चंद घंटों में ही तोड़ दिया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह ने नोएडा विधानसभा सीट पर करीब 1,80,000 मतों से जीत हासिल करके यह रिकॉर्ड कायम किया था। उन्होंने महाराष्ट्र में अजित पवार की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड तोड़ा था। 

2019 के विधानसभा चुनाव में अजित पवार ने बारामती विधानसभा सीट पर 1,65,265 मतों से जीत हासिल करके देश में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड कायम किया था। भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह ने नोएडा में इस बार पवार का रिकॉर्ड तोड़ दिया था मगर उनका यह रिकॉर्ड ज्यादा देर नहीं टिक सका। सुनील शर्मा ने पंकज सिंह के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए देश में सबसे बड़ी जीत हासिल करने का इतिहास रच दिया।

Tags:    

Similar News