Noida Accident: ग्रेटर नोएडा में भीषण सड़क हादसा, एक्सप्रेस वे पर ट्रक और बस के बीच टक्कर

Noida Road Accident: हादसे में लगभग 2 दर्जन से अधिक यात्री जख्मी होने की सूचना

Update: 2023-05-26 09:01 GMT
NNoida Road Accident

Noida Accident: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा से भीषण सड़क हादसे की खबर आई है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक के बीच आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 28 यात्रियों के जख्मी होने की खबर है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आननफानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

खबरों के अनुसार, यह भीषण हादसा नोएडा के कासना थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव लडपुरा से गुजरने वाली ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह पंजाब से बिहार जा रही एक बस और एक ट्रक में जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

हाईवे पर हुए इस हादसे के कारण भीषण जाम लग गया। सुबह-सुबह हुए इस हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके से बस में फंसे घायलों की चीख सुनाई दे रही थी। वे मदद की गुहार लगा रहे थे। लोगों ने पुलिस को घटना को लेकर सूचित किया। एंबुलेंस से लेकर दलबल के साथ पहुंची पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचवाया।

एक बच्चे की हो गई मौत

सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों में एक बच्चा भी शामिल है। जिसकी मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। बच्चे के उम्र के बारे में फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने कुल 28 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। पुलिस ने मामला दर्ज हादसे की जांच शुरू कर दी है। उधर, घायलों की शिनाख्त की जा रही है, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचित किया जाएगा। हाईवे से क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।

Tags:    

Similar News