Jaunpur News: 50वें शपथ ग्रहण समारोह में बोले राज्यमंत्री, कहा- जिले को जल्द मिलेगा केंद्रीय विद्यालय

समाजिक संस्था गीतांजलि के स्वर्ण जयंती वर्ष पर पदाधिकारियों के 50वें शपथ ग्रहण समारोह किया गया।

Report :  Kapil Dev Maurya
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-30 14:49 GMT

सामाजिक संस्था गीतांजलि के स्वर्ण जयंती वर्ष पर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव (फोटो-न्यूजट्रैक)

Jaunpur News: समाजिक संस्था गीतांजलि के स्वर्ण जयंती वर्ष पर पदाधिकारियों के 50वें शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के आवास एवं शहरी नियोजन राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाने के पश्चात अपने संबोधन में कहा कि यह संस्था सन् 1972 से लगातार एक परिवार के रूप में समाजसेवा से लेकर रचनात्मक कार्यों को कर रही है। इस संस्था को एक और जनहित के गुरुत्तर दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। वह कार्य है नशा मुक्ति का, इस काम को करते हुए समाज को नशा मुक्त बनाया जाना चाहिए। साथ ही यह भी अपील किया कि पहले संस्था के लोग खुद नशे का परित्याग कर संदेश दें और समाज को नशा मुक्त करायें।

इसी के साथ पौधारोपण अभियान की चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि शुद्ध पर्यावरण के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी हो गया है। इसलिए संस्था को इस दिशा में भी पहल करनी चाहिए। क्योंकि अभी चंद समय पहले ही आयी कोराना महामारी के समय आक्सीजन की खासी आवश्यकता महसूस की गयी। वृक्ष तो जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण हो गया है।

इसी क्रम में जनपद के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि इस गीतांजलि के कार्यक्रम में जनपद के प्रबुद्ध जन उपस्थित है, इसलिए बताना चाहता हूँ कि जनपद जौनपुर को बहुत जल्द ही एक केन्द्रीय विद्यालय मिलने जा रहा है जमीन का चिन्हीकरण भी हो चुका है। जिले से प्रस्ताव जाने की देर है। यह विद्यालय होने से जनपद के आने वाली पीढ़ी का शैक्षिक स्तर बेहद अच्छा हो सकेगा।


इस कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित डॉ. आरएन त्रिपाठी एवं टीडी पीजी कॉलेज की पूर्व प्राचार्य सरोज सिंह ने संस्था के कार्यों और दायित्वों के विषय में चर्चा करते हुए कहा कि गीतांजलि का जब से गठन हुआ है, यह संस्था रचनात्मक कार्यों को करते हुए सभी तरह की दैवी आपदाओं में समाज की सेवा करने का काम किया है। इसके अलावा मां भगवती दुर्गा पूजनोत्सव की शुरुआत किया और आज पूरे शारदीय नवरात्रि तक पूरा जनपद मां दुर्गा मय हो जाता है। हर तरफ गांव से लेकर शहर कस्बा हर जगह माता रानी के पूजनोत्सव की धूम रहती है। इसकी शुरुआत जनपद में गीतांजलि ने किया था।

समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम के शंखनाद एवं सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्वलित और ठाकुर रविंद्र नाथ टैगोर एवं संस्थापक स्वर्गीय राजेंद्र बेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ किया गया। समारोह के अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में पर्यावरण का प्रतीक वृक्ष एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर नव चयनित अध्यक्ष डॉ. ब्रम्हेश शुक्ला सहित संस्था के सभी पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन संस्था के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र देव विक्रम द्वारा किया गया।

Tags:    

Similar News