अब मुर्गे की हत्या का इंसाफ मांग रहे महाराजगंज के पूर्व विधायक के परिजन, पोस्टमार्टम की उठी मांग, हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस

महराजगंज जिले में पूर्व विधायक स्व. दुक्खी प्रसाद के परिवार के पालतू मुर्गें की शनिवार को अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। पूर्व विधायक के बेटे राजकुमार भारती ने मामले में सिंदुरिया थाने में तहरीर दे दी है। उन्होंने मुर्गें का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।

Published By :  Ashiki
Update: 2021-09-11 14:56 GMT

सांकेतिक फोटो (Photo- Social Media) 

गोरखपुर: महराजगंज जिले में पूर्व विधायक स्व. दुक्खी प्रसाद के परिवार के पालतू मुर्गें की शनिवार को अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। पूर्व विधायक के बेटे राजकुमार भारती ने मामले में सिंदुरिया थाने में तहरीर दे दी है। उन्होंने मुर्गें का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

शनिवार को निचलौल क्षेत्र में ग्राम सचिव के पद पर तैनात राजकुमार भारती मुर्गे की हत्या की तहरीर लेकर सिंदुरिया थाने पहुंचे तो सभी आश्चर्य में पड़ गए। राजकुमार ने आरोप लगाया कि उनके प्रिय मुर्गे को किसी ने जहर देकर मार डाला है। पशु-पक्षी का प्रेमी हूं। मुर्गे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रहा हूं। जबतक आरोपी पकड़े नहीं जाएंगे चैन से नहीं बैठूंगा। राजकुमार के पिता दुक्खी प्रसाद 1977 में सदर सीट से विधायक रहे हैं। उनकी मौत हो चुकी है। बेटा सिंदुरिया क्षेत्र के पिपरा कल्याण गांव में रहता है। राजकुमार भारती का कहना है कि घर पर तोता, कबूतर के साथ चार मुर्गी और एक मुर्गा पाला गया है। परिवार के साथ एक कार्यवश महराजगंज चले आए थे, जबकि बच्चा स्कूल चला गया। पुत्र विकास जब स्कूल से घर पहुंचा तो मुर्गा तड़प रहा था। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम की मांग को लेकर अड़े पूर्व विधायक के बेटे

राजकुमार भारती ने कहा कि आशंका है कि साजिश में गांव या आसपास के किसी व्यक्ति ने मुर्गे को जहर देकर मारा है। ऐसे में इसका पोस्टमार्टम करा कर कार्रवाई की जाए। ऐसा नहीं होगा तो वह उच्चाधिकारियों से मिलेंगे। मुर्गे से पूरे परिवार का लगाव था। सिंदुरिया के प्रभारी थानेदार ऋतुराज सुमन यादव ने कहा कि मुर्गे की हत्या को लेकर तहरीर मिली है। तहरीर में किसी को नामजद आरोपी नहीं बनाया गया है। प्रकरण में पूर्व विधायक के बेटे से पूछताछ की जा रही है कि जहर देने का कारण क्या हो सकता है। मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News