UP Assembly: सतीश महाना ने विधानसभा सत्र सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की सभी दलों से अपील की

UP Assembly: विधानसभा अध्यक्ष ने दलीय नेताओं से कहा कि वह सदन में अपना पक्ष शालीनता एवं संसदीय मर्यादा के अन्तर्गत रखते हुए प्रेमपूर्ण वातावरण में सदन में बहस करें।

Report :  Network
Update: 2024-07-28 15:37 GMT

UP Assembly (  Newstrack )

UP Assembly: उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी दलों के नेताओं से सहयोग के लिए अनुरोध किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने दलीय नेताओं से कहा कि वह सदन में अपना पक्ष शालीनता एवं संसदीय मर्यादा के अन्तर्गत रखते हुए प्रेमपूर्ण वातावरण में सदन में बहस करें। सर्वदलीय बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि संसदीय व्यवस्था में संवाद और सकारात्मक चर्चा-परिचर्चा के माध्यम से लोकतंत्र मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सार्थक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह देश की सबसे बड़ी विधानसभा है। स्वाभाविक रूप से उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही पूरे देश के विधान मण्डलों के लिए एक आदर्श भी उपस्थिति करती है।

इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को बधाई देते हुए कहा कि उनके लम्बे राजनीतिक अनुभव का लाभ प्रदेश की विधानसभा को मिलेगा। इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि अध्यक्ष ने अपनी विशिष्ठ कार्यशैली से देश में उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। नई परम्पराओं के कारण यूपी विधानसभा अब देश के लिए एक रोल माडल बन चुकी है। इसलिए इसकी गरिमा बनाए रखने में सभी दलों से सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने सभी दलीय नेताओं को आश्वस्त किया कि सरकार पूरी गम्भीरता के साथ सदन में सदस्यों के प्रस्तावों को सकारात्मक रूप से तथा विकास को नई गति देने और उसे आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी। सरकार सभी मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाही के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे को संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, नेता विधानमंडल दल अपना दल सोनेलाल राम निवास वर्मा, नेता विधानमंडल राष्ट्रीय लोकदल राजपाल बालियान, नेता विधानमंडल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ओमप्रकाश राजभर, नेता विधानमंडल निर्बल इंडियन शोषित हमारा अपना दल, अनिल कुमार त्रिपाठी, नेता विधानमंडल दल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, आराधना मिश्रा, नेता विधानमंडल दल जनसत्ता दल लोकतांत्रिक रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया ने भी बधाई दी। इससे पूर्व कार्य-मंत्रणा समिति की बैठक में विधानसभा के द्वितीय सत्र के उपवेशनों में लिए जाने वाले र्कार्यो के सम्बन्ध में विचार विमर्श किया गया।

कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, कार्यंमंत्रणा समिति सदस्य सुशील कुमार शाक्य, जयप्रताप सिंह, सिद्वार्थनाथ सिंह, अताउर्रहमान, रविदास मेहरोत्रा तथा विशेष आमंत्रित सदस्य राम निवास वर्मा, राजपाल सिंह बालियान, अनिल कुमार त्रिपाठी, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, आराधना मिश्र मोना, रघुराज प्रताप सिंह तथा रामनरेश अग्निहोत्री ने अपने-अपने विचार रखें। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News