शामली-मथुरा में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर

Update: 2018-02-04 03:23 GMT
शामली: मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, रंगदारी वसूलकर लौट रहा था

शामली/मथुरा: यूपी में पुलिस की सक्रियता से बदमाशों का सफाया हो रहा है। इसी क्रम में झिंझाना पुलिस ने शनिवार देर शाम 50 हज़ार के इनामी बदमाश अकबर को मुठभेड़ में मार गिराया। मारा गया अपराधी मुकीम काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। बताया जा रहा है कि अकबर जिला पंचायत सदस्य के भाई से रंगदारी वसूल कर वापस जा रहा था।

शामली में आतंक का पर्याय बने मुकीम काला गैंग के सक्रिय सदस्य को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। मृतक अपराधी के पास से असलाहा और कारतूस के साथ वसूली गई रकम भी बरामद हुई है। पुलिस की सक्रियता से अकबर गैंग के अन्य सक्रिय सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।

वहीं, मथुरा में पुलिस और बदमाशों के बीच भी शनिवार की देर शाम मुठभेड़ हो गई। थाना कोतवाली वृन्दावन क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे दो बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, वहीं एक सिपाही के भी कंधे में गोली लगी। दूसरी तरफ, पुलिस ने कॉम्बिंग कर एक बदमाश को धर-दबोचा। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं।

10 से भी ज्यादा मुकदमे दर्ज थे

पुलिस के अनुसार, मृतक बदमाश जिला पंचायत सदस्य के भाई व पूर्व प्रधान अशरफ से लाखों रुपए रंगदारी वसूली कर जा रहा था। झिंझाना थाना क्षेत्र इलाके में पुलिस ने घेराबंदी करते हुए 50 हजार के इनामी बदमाश अकबर को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक अपराधी पर 10 से भी ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। इनमें लूट, हत्या, रंगदारी सहित अन्य संगीन अपराधों की धाराएं लगी थी। मृतक मुकीम काला का सक्रिय सदस्यता था।

ये कहा एसपी ने

एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया, कि 'मृतक बदमाश के पास से दो विदेशी पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस और लूटी गई रकम बरामद हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही अन्य कार्रवाई की जा रही है।'

मथुरा में भी 12 हजार का इनामी गिरफ्तार

मथुरा में वृन्दावन पुलिस को सूचना मिली थी कि दो शातिर बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने आ रहे हैं। सूचना पर जब पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि एक सिपाही राजकुमार के कंधे में भी गोली लगी। घायल बदमाश और सिपाही का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल बदमाश 12 हजार का इनामी योगेंद्र है, जो लूट की वारदातों को अंजाम देने में शातिर माना जाता रहा है।

मथुरा में दबोचा गया अपराधी

 

Tags:    

Similar News