Sonbhadra: कांग्रेस सिंबल के साथ लड़ेगी निकाय चुनाव, जनाधार मजबूत करने की होगी कोशिश, प्रांतीय अध्यक्ष का गर्मजोश स्वागत

Sonbhadra News Today: कांग्रेस के प्रयागराज जोन के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि सूबे के नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पूरी मजबूती और दम-खम के साथ उतरेगी।

Update: 2022-10-28 15:08 GMT

Sonbhadra News: कांग्रेस के प्रयागराज जोन के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि सूबे के नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पूरी मजबूती और दम-खम के साथ उतरेगी। इसके लिए जहां सभी नगर निकायों में उम्मीदवारों को पार्टी के सिंबल के साथ चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। वहीं, निकाय चुनाव के जरिए, कांग्रेस के जनाधार को भी मजबूती मिले, इसकी पूरी कोशिश की जाएगी। यह बातें उन्होंने राबटर्सगंज स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही।

महंगाई ने सभी का दिवाला निकाल दिया है: प्रांतीय अध्यक्ष

प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि महंगाई ने सभी का दिवाला निकाल दिया है। चाहे हिंदू हो या मुस्लिम, सभी संप्रदायों के त्योहार सिर्फ रश्म अदायगी बनकर रह गए हैं। कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस जियो और जीने दोकृके सिद्धांत पर अमल करते हुए सभी वर्ग को लेकर साथ चलने का काम करती है। निकाय चुनाव में इसी को आधार बनाकर पूरी मजबूती से उम्मीदवारों को चुनाव लड़ाया जाएगा। यह चुनाव पार्टी के जनाधार को मजबूती देने वाला हो, इसके लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं और उन्हें सक्रिय बनाए रखने को लेकर लगातार प्रयास जारी हैं।

शीतला मंदिर में टेका मत्था, कार्यकर्ताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत

इससे पहले उनका प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में जिले में प्रथम आगमन पर जिले एवं शहर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिंदुआरी मोड पर गर्मजोश स्वागत किया। वहीं पीसीसी सदस्य आशुतोष कुमार दुबे (आशु) ने चंडी तिराहे के पास सहयोगी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। बाइक जुलूस के साथ अगवानी की। यहां के बाद अजय राय शीतला मां के मंदिर पहुंचे। दर्शन-पूजन के बाद वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व चेयरमैन अजय शेखर के यहां जाकर मुलाकात की।

स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह पहुंचकर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विवेकानंद के जीवन से सीख लेते हुए पार्टी के जनाधार को मजबूती प्रदान करने की अपील की। जिला, शहर, यूथ, सेवा दल, एनएसयूआई, महिला संगठन के कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने सभी का आभार ज्ञापित किया। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड़ ने पार्टी की नीतियों पर प्रकाश डाला। आशु दुबे ने आदिवासियों का प्रतीक चिन्ह तीर- धनुष भेंट किया। गुप्तकाशी क्षेत्र की ओर से शिवद्वार की 11वीं शताब्दी की प्रतिमा भी भेंट की।

निकाय चुनाव को चुनौती के रूप में लें कार्यकर्ता

अजय राय ने कार्यकर्ताओं से से नगर पालिका, नगर पंचायत के चुनाव को चुनौती के रूप में लेने की अपील करते हुए कहा कि महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ वार्ड-वार्ड, गली-गली जाकर आवाज उठाएं ताकि जनता मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत हो सके। निकाय प्रत्याशियों के जीत के लिए हर संभव सहयोग की भी अपील की। संचालन जिला उपाध्यक्ष इं. जितेंद्र पासवान ने और कार्यवाहक अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

इस अवसर पर ये रहे मौजूद

प्रदेश सचिव कमलेश ओझा, वाराणसी से आए ओम प्रकाश ओझा, यूथ कांग्रेस के सोनभद्र प्रभारी चंचल शर्मा, ईश्वरी नारायण सिंह जगदीश मिश्रा, ज्ञानेंद्र तिवारी, राजेश द्विवेदी, नामवर सिंह कुशवाहा, बृजेश तिवारी कौशलेश पाठक, विमला देवी मौर्या, शांति विश्वकर्मा, रेनू गौतम, ज्ञानमती देवी निर्मला देवी, विनय कांत चैबे, दया शंकर पांडेय, नागेश्वर देव पांडेय, आशीष शुक्ला, रिचर्ड डेविड, शिव प्रसाद यादव, शैलेंद्र चतुर्वेदी, राजबली पांडेय, मनोनीत रवि, शशांक मिश्रा, कन्हैया पांडेय, बृहस्पति भारती, मनोज मिश्रा, ओम प्रकाश राम, युवा कांग्रेस सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर सूरज वर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News