Sonbhadra: प्यार में तोड़ दी बंदिशें, मगर आर्थिक तंगी ने दे दी मात, पति-पत्नी ने दी जान

Sonbhadra Crime: एक प्रेमी युगल ने अंतर्जातीय शादी तो रचा ली लेकिन आर्थिक तंगी ने आखिरकार उन्हें मात दे दी। एक तरफ अपनों की नाराजगी तो दूसरी तरफ आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने जहां फंदे से लटक कर इहलीला समाप्त कर ली। तो वहीं...

Update:2024-07-08 18:00 IST

Sonbhadra News (Pic: Newstrack) 

Sonbhadra News: पारिवारिक बंदिश और कानूनी अड़चन दोनों को मात देकर, प्रेमी युगल ने अंतर्जातीय शादी तो रचा ली लेकिन आर्थिक तंगी ने आखिरकार उन्हें मात दे ही दी। एक तरफ अपनों की नाराजगी तो दूसरी तरफ आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने जहां फंदे से लटक कर इहलीला समाप्त कर ली। वहीं, पति की मौत से क्षुब्ध पत्नी ने भी,चंद मिनट बाद ही फंदे से लटक कर जीवन लीला समाप्त कर ली। एक साथ दोनों के मौत की खबर ने हड़कंप मचा दिया। मामला म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुंडाडीह गांव का है। पुलिस दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजने के साथ ही मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

महज एक वर्ष पूर्व किया था प्रेम विवाह

म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुंडाडीह गांव के चंद्रभान नगर टोला निवासी विक्की 24 पुत्र भोला और पूनम कुमारी पुत्री बेचू यादव निवासी हरहोरी के बीच प्रेम संबंध था। दोनों शादी रचाना चाहते थे लेकिन दोनों की जाति अलग-अलग होने के नाते परिवार वाले इसका विरोध कर रहे थे। एक वर्ष पूर्व दोनों पारिवारिक बंदिश तोड़ फरार हो गए। जिस वक्त दोनों फरार हुए उसे वक्त पूनम की उम्र 18 वर्ष से कम थी। उसके पिता ने इसको लेकर म्योरपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने पूनम की बरामदगी के साथ ही, विक्की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कुछ समय बाद विक्की जमानत पर छूट कर आया। तब तक पूजा ने भी वयस्कता की उम्र पूरी कर ली। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज के जरिए शादी रचा ली। इसके बाद दोनों बतौर पति-पत्नी साथ रहने लगे। कुछ दिन तक तो संबंध ठीक-ठाक चला लेकिन आर्थिक तंगी को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनने लगी।

रविवार की रात हुआ था विवाद, समझा बुझा कर लौटी थी पुलिस

बताते हैं कि रविवार की देर रात आर्थिक मसले पर ही दोनों के बीच काफी विवाद की स्थिति बन गई। बात इतनी बढ़ गई कि पूनम ने 112 नंबर डायल कर पुलिस बुला ली। पहुंची पुलिस दोनों को समझा कर लौट गई। आधी रात के बाद दोनों में एक बार फिर से विवाद की स्थिति बन गई। इसी बीच अचानक से विक्की घर के कमरे में पहुंचा और दरवाजा बंद कर फंदे से लटक गया। कुछ देर तक परिजनों ने दरवाजा खटखटाया कोई उत्तर नहीं मिला तो खिड़की से झांक कर देखा। अंदर उसका शव फंदे से लटकता देख उनके होश उड़ गए। उधर, यह देख उसकी पत्नी भी दौड़ते हुए अपने कमरे में पहुंची और दरवाजा बंद कर फंदे से लटक गई और कुछ देर में ही उसकी भी मौत हो गई। मामले की जानकारी पाकर सोमवार की सुबह पहुंची पुलिस ने, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।

एसडीएम-तहसीलदार ने ली घटना की जानकारी

प्रेमी युगल से पति पत्नी बन दंपति द्वारा खुदकुशी की सूचना पाकर दोपहर बाद ओबरा एसडीएम विवेक सिंह और तहसीलदार दुद्धी ज्ञानेंद्र सिंह भी म्योरपुर पहुंचे और दोनों के परिवार वालों से वार्ता कर घटना के बारे में जरूरी जानकारी ली। परिवार के लोगों द्वारा जताई जा रही आशंकाओं को लेकर समुचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

लड़की के घर वालों ने किया जमकर हंगामा, लगाया हत्या का आरोप

उधर इस मामले की जानकारी पूजा के घर वालों को मिली तो वहां भी कोहराम मच गया। थाने पहुंचे मायके वालों ने हंगामा खड़ा करने के साथ ही विक्की के परिवार वालों पर दोनों की हत्या का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया। कुछ लोगों का यह भी कहना था कि विक्की इधर कुछ महीनों से शराब का अत्यधिक सेवन करने लगा था। इसको लेकर भी दोनों में अक्सर विवाद की स्थिति बनती रहती थी। सच्चाई क्या है? इसको लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक हेमंत सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद जैसी स्थिति बनेगी, उसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

Tags:    

Similar News