Sonbhadra News: अवैध संबंधों के शक में लाठी से पीटकर पति ने ली पत्नी की जान, कुबूल की वारदात

Sonbhadra News: जिले में अवैध संबंधों के शक में चंद घंटों के भीतर दूसरी महिला की हत्या का मामला सामने आया है। घटना पिपरी थाना क्षेत्र के बेलवादह ग्राम पंचायत अंतर्गत केरवा टोले की है।

Update: 2024-06-20 10:31 GMT

घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस। Photo- Newstrack 

Sonbhadra News: जिले में अवैध संबंधों के शक में चंद घंटों के भीतर दूसरी महिला की हत्या का मामला सामने आया है। घटना पिपरी थाना क्षेत्र के बेलवादह ग्राम पंचायत अंतर्गत केरवा टोले की है।आरोप है कि पति ने पत्नी की लाठी से पीट-पीट कर जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी मौका-ए-वारदात पर जमा रहा। ऑन कैमरा उसने इस बात को स्वीकार भी किया कि उसे पत्नी पर अवैध संबंध का शक था इसीलिए उसकी हत्या कर दी। उधर, मामले की जानकारी पाकर बृहस्पतिवार की दोपहर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अनपरा पुलिस को मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर किया विवाद

बताया जाता है कि बुधवार की देर रात पिपरी थाना क्षेत्र के बेलवादह ग्राम पंचायत अंतर्गत केरवा टोला निवासी विश्राम बैगा और उसकी पत्नी सुनीता ने रात 11 बजे सिवान में जाकर शराब पी। नशे की हालत में दोनों में विवाद हुआ। उसी दौरान सुनीता कुछ देर के लिए दूसरी तरफ चली गई। विश्राम को शक हुआ कि वह अपने प्रेमी से मिलने चली गई है। अवैध संबंध के शक को लेकर मौके पर ही दोनों के बीच खासा विवाद हुआ। इसके बाद दोनों वहां से घर चले आए। घर आने के बाद दोनों में दोबारा विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इससे खफा विश्राम ने उसकी लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी।

घंटों बाद पुलिस को मिली सूचना, मौके पर ही रहा आरोपी

बुधवार की रात हुई हत्या की वारदात की सूचना पुलिस को घंटों बाद मिली। पिपरी पुलिस बृहस्पतिवार की दोपहर केरवा टोले में पहुंची तो आरोपी मौके पर ही जमा हुआ था। दोपहर बाद अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह भी पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी लेने के साथ ही पिपरी पुलिस को जरूरी निर्देश दिए। बताया कि अवैध संबंधों के शक में मृतका सुनीता के पति विश्राम बैगा ने लाठी से पीट-पीट कर उसकी हत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

आरोपी बोला- 'पत्नी कर रही थी गलत, इसलिए की हत्या'

अमूमन वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो जाते हैं लेकिन यहां हत्या के बाद न केवल महिला का पति मौके पर ही बना रहा बल्कि उसने पुलिस के पहुंचने के बाद भी ऑन कैमरा इस बात को स्वीकार किया कि उसी ने पत्नी की हत्या की है। उसका दावा था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध था। उसके पूछने पर भी वह उसका नाम नहीं बता रही थी। इसीलिए उसने हत्या कर दी। रात में उसने शराब पीने की भी बात कुबूली।

Tags:    

Similar News