Sonbhadra News: उत्साह के साथ मना अच्छाई का विजय पर्व, 81 स्थलों पर दशानन का जला पुतला, पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़

Sonbhadra News: रामलीला परिसर में राम रावण युद्ध के मंचन के साथ ही रावण वध की लीला मंचित की गई। लगभग 5:30 बजे श्री राम के धनुष से अग्निबाण के छूटते ही, धू-धू कर रावण का पुतला जल उठा।

Update:2024-10-12 19:42 IST

vijayadashami 2024   (photo: social  media )

Sonbhadra News: बुराई पर अच्छाई के जीत के रूप में विजयदशमी का पर्व शनिवार को उत्साह के साथ मनाया गया। 81 स्थलों पर राम-रावण युद्ध के मंचन के साथ ही बुराई रूपी रावण के पुतले का दहन किया गया। वही गांवों में परंपरागत तरीके से दशहरा का पर्व मनाते हुए, सामाजिक समरसता की सीख दी गई। मेला, पूजा पंडालों में भारी भीड़ उमड़ी रही। इसको देखते हुए पुलिस और प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े प्रबंध बनाए रखे गए।

अग्निबाण के छूटते ही धू-धू कर जला रावण

जिला मुख्यालय पर रामलीला परिसर में राम रावण युद्ध के मंचन के साथ ही रावण वध की लीला मंचित की गई। लगभग 5:30 बजे श्री राम के धनुष से अग्निबाण के छूटते ही, धू-धू कर रावण का पुतला जल उठा। इस दौरान जय श्री राम के नारे से परिसर गुंजायमान रहा। रथ पर सवार राम और रावण के बीच युद्ध और बजरंगबली के ललकार की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। आयोजन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी गुप्ता, रविंद्र केशरी सहित तमाम लोगों की मौजूदगी बनी रही। सुरक्षा के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह की अगुवाई में पुलिस अमला मौजूद रहा। सदर एसडीएम उत्कर्ष द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी नगर डॉ. चारू द्विवेदी भी पूजा पंडाल और मेला स्थल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने में लगे रहे।

नवरात्रि पूजा समापन पर निकली कलश विसर्जन शोभा यात्रा

नवरात्रि पूजा समापन पर दशमी के दिन जगह-जगह कलश विसर्जन शोभा यात्रा निकाली गई। जिला मुख्यालय पर जय मां दुर्गा पूजा सेवा समिति ब्रम्हनगर की तरफ से आयोजित पूजन के समापन पर भव्य कलश विसर्जन शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। कमेटी अध्यक्ष गिरीश पांडेय ने बताया कि कलश विसर्जन शोभा यात्रा ब्रम्हनगर से चलकर अकड़हवा पोखरे पर पहुंची। यहां कमेटी के मुख्य यजमान अनुपम-अर्चना तिवारी की तरफ से कलश का विधि-विधान से विसर्जन किया गया।

Tags:    

Similar News