UP Election 2022: डोर-टू-डोर ही नहीं, हमीरपुर में उम्मीदवार नई टेक्नोलॉजी से कर रहें प्रचार

UP Election 2022: हमीरपुर में सपा-भाजपा समेत सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के लिए व्हाट्सएप फेसबुक टि्वटर समेत सभी डिजिटल माध्यमों का प्रयोग कर रहे हैं।

Published By :  Bishwajeet Kumar
Written By :  Ravindra Singh
Update: 2022-02-05 14:50 GMT

प्रतीकात्मक तस्वीर

UP Election 2022: हमीरपुर 228 व राठ 229 विधानसभा (Rath assembly seat) के लगभग सभी पार्टियों के उम्मीदवारों को मन माफिक चुनाव चिन्ह वितरण हो चुके है। इसके बाद अब उम्मीदवार अपने अपने सिंबल का प्रचार प्रसार भी तेज कर दिया है। प्रत्याशी बड़े-बड़े होर्डिंग, फ्लेक्स, रैली को भूलकर जनता जनार्दन पर अलग तरह का फॉर्मूला अपना रहे हैं। प्रत्याशी तकनीकी प्रचार माध्यमों का इस्तेमाल कर जनता को लुभा रहे हैं।

भाजपा, सपा, बसपा व कांग्रेस व अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों ने अपने डिजिटल वार रूम बना लिए है, जिसकी जिम्मेदारी युवा कार्यकर्ताओं की दी गई है। चुनाव प्रचार के लिए मोबाइल एप व्हाट्सएप (Whatsapp), फेसबुक (Facebook), ट्विटर (Twitter), इंस्टाग्राम (Instagram), टेलीग्राम (Telegram), यूट्यूब (Youtube), सिग्नल का उपयोग अधिक हो रहा है।

सोशल मीडिया पर सैकड़ों ग्रुप बनाकर चुनाव प्रचार

दोनों विधानसभा क्षेत्र में पार्टियों ने सैकड़ों ग्रुप बना रखे हैं, जिसमें 250-250 सदस्य जुड़े हुए हैं। व्हाट्सएप पर ब्रॉडकास्ट बनाकर इसकी सीमा और बढ़ जाती है। व्हाट्सएप पर इसी प्रचार को स्टेटस पर शेयर किया जाता है। वार टीम द्वारा फेसबुक पर पोस्ट डालकर, फेसबुक के पेज ग्रुप बनाकर प्रचार किया जा रहा है। ट्विटर पर पोस्ट डालने के बाद रिट्वीट कर सभी प्रत्याशी प्रचार कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर प्रचार की छोटी-छोटी जेपीजी इमेज, रील डालकर प्रचार किया जा रहा है। यूट्यूब पर चुनाव प्रचार के वीडियो बनाकर शेयर किया जा रहा है। टेलीग्राम पर भी दोनों विधानसभा बार कई ग्रुप बनाकर के पब्लिसिटी की जा रही है। इसके अलावा कू ऐप का भी इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए किया जा रहा है।

जमीनी लोगों के लिए अलग रणनीति

ऐसे लोग जिनका तकनीकी उपकरणों पर हाथ साफ नहीं है, और तमाम बुजुर्ग, किसान व गरीब लोग जो बिना मोबाइल हैं। ऐसे लोगो के लिए युवाओं के अलावा अन्य टीमें गांव गांव जाकर डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रही है। सुबह होते ही अपने अपने कार्यालयों पर कार्यकर्ता पहुंच जाते है। इसके बाद कई गाड़ियों में बैठकर अपने अपने क्षेत्र में प्रचार के लिए निकल जा रहे हैं। कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंच रहा है। घरों में लोगों के न मिलने पर अब कार्यकर्ता खेतों तक पहुंच कर प्रचार प्रसार कर रहे हैं। महिलाएं भी प्रचार प्रसार में पीछे नहीं हैं। महिलाएं भी अपनी टोली बनाकर महिलाओं से घर घर जाकर अपने-अपने प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे।

52 किलो अवैध गांजा के साथ दो गिरफ्तार, टीम को मिला 10 हजार का इनाम

हमीरपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) व कुरारा थाना कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को मनकी तिराहा के समीप से मादक तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। इस दौरान दो बोरियों में 52 किलो गांजा बरामद किया गया। तस्करी के लिए गांजा ले जाया जा रहा था।

अवैध गांजा के साथ दो गिरफ्तार


पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विधानसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने हेतु अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि कुरारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह व एसओजी प्रभारी विनोद कुमार राय को मुखबिर से सूचना मिली कि मनकी तिराहा से मनकी की तरफ जाने वाले मार्ग पर दो व्यक्ति बोरियों में मादक पदार्थ के साथ जाने के लिए साधन के इंतजार में हैं। सूचना पर शुक्रवार को मनकी तिराहा के समीप एसओजी व कुरारा कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर दोनों अभियुक्तों अर्जुन सिंह पुत्र पूरन लाल (23) निवासी मोहल्ला साजन तालाब मौदहा एवं विकास अहिरवार पुत्र अशोक कुमार( 20) निवासी नौबस्ता श्याम गेस्ट हाउस सदर कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया।

मौके पर मिली दो बोरियों की जांच की गई तो उसमे रखा 52 किलो गांजा बरामद हुआ। जिसकी कीमत लगभग 5.5 लाख बताई जा रही है। जिसे कब्जे में ले लिया गया। इस मामले में पुलिस ने अर्जुन सिंह व विकास अहिरवार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। दोनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने टीम को पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित द्वारा 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुरारा दिनेश सिंह, एसओजी प्रभारी विनोद कुमार राय, उप निरीक्षक लालजीत रोज थाना कुरारा, उप निरीक्षक धनंजय कुमार, कांस्टेबल अनुज कुमार, कांस्टेबल आशु दत्त, हेड कांस्टेबल रजत कुमार सिंह एसओजी, कांस्टेबल कमल कांत, कांस्टेबल राजदीप एसओजी सहित महिला कांस्टेबल रोशनी शामिल रहे

चुनाव ड्यूटी के लिए पुलिस फोर्स बुलन्दशहर के लिए रवाना

हमीरपुर। विधानसभा चुनाव 2022 का बुलंदशहर में पहले चरण में मतदान होना है।पहले चरण में चुनाव ड्यूटी के लिए जिले से पुलिस फोर्स को बसों से ड्यूटी स्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट किया कि सभी अपनी-अपनी ड्यूटी को पूरी निष्ठा के साथ करें ताकि शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो सके। बता दें कि पहले चरण का चुनाव 10 फ़रवरी और दूसरे चरण का चुनाव 14 फरवरी को होना है।

चुनाव ड्यूटी के लिए पुलिस फोर्स बुलन्दशहर के लिए रवाना

शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में चुनाव ड्यूटी में जाने वाले पुलिसकर्मियों को एडिशनल एसपी अनूप कुमार व सीओ सदर विवेक कुमार ने ब्रीफ किया। जिले से 476 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी है। इनमें इंस्पेक्टर, उपनिरीक्षक तथा सिपाही हैं। ब्रीफ करते हुए पुलिसकर्मियों शांतिपूर्ण मतदान कराने के साथ जनता से मधुर व्यवहार करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है। ब्रीफ के बाद सभी को बसों में बैठा कर रवाना कर दिया। रवानगी से पूर्व सभी वाहनों को वीडियोग्राफी करते हुए हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी लाइन एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

आज आएंगे रक्षा मंत्री डीएम एसपी ने सभास्थल का किया निरीक्षण

हमीरपुर। रविवार को होने वाली देश के रक्षामंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह के जनसभा स्थल,हेलीपैड व समाधि स्थल विरक्त आश्रम आदि का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निरीक्षण करके मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एनएसजी कमांडो के साथ तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम एसपी ने सभास्थल का किया निरीक्षण

कस्बे के श्रीगायत्री तपोभूमि प्रांगण में रविवार को देश के रक्षा मंत्री भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह की जनसभा प्रस्तावित है। तपोभूमि में जनसभा की तैयारियां जोरों के साथ चल रही है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ चंद्रभूषण त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित के साथ जनसभा स्थल, हेलीपैड व समाधि स्थल विरक्त आश्रम का निरीक्षण किया। रक्षा मंत्री हेलीपैड में उतरने के बाद सीधे ब्रह्मलीन संत रोटीराम महाराज नागा स्वामी जी समाधि स्थल जाएंगे। जहां स्वामी जी की मूर्ति में माल्यार्पण कर मत्था टेकेंगे।

इसके बाद जनसभा को संबोधित करने के उपरांत राठ के लिए रवाना होंगे। दोनों अधिकारियों ने सभी जगहों का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा का खाका तैयार किया और मातहतों को सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीओ सदर विवेक यादव, एनएसजी कमांडो, थानाध्यक्ष रामेन्द्र तिवारी,ईओ रवि यादव के अलावा भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवनारायण सोनकर,जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता,लक्ष्मीरतन साहू आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News