UP Electricity Workers Strike: यूपी में बिजली कर्मियों की हड़ताल खत्म, कर्मचारियों के खिलाफ नहीं होगी कोई कार्रवाई

UP Electricity Workers Strike: बिजली विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल 65 घंटे बाद खत्म हो गई है। विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की है।

Update: 2023-03-19 09:13 GMT
UP Electricity Workers Strike

UP Electricity Workers Strike: उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल 65 घंटे बाद खत्म हो गई है। ऊर्जा मंत्री के साथ बातचीत के बाद बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया है। विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की है।

उर्जा मंत्री बोले कर्मचारियों के खिलाफ नहीं होगी कोई कार्रवाई

ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने संघर्ष समिति को आश्वासन दिया है कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियो के खिलाफ की गई संपूर्ण कार्रवाई को वापस लिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने यूपीपीसीएल के चेयरमैन को निर्देशित भी किया कि अब तक कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई में चाहे एफआईआर हो, निलंबन हो या अन्य किसी प्रकार की कार्रवाई की गई हो, इसे शीघ्र ही वापस लिया जाएगा।

वार्ता के माध्यम से मुद्दों को किया जाएगा हल

संघर्ष के अन्य मुद्दों पर विचार करने के लिए आने वाले समय में वार्ता के माध्यम से हल किया जायेगा। ऊर्जा मंत्री ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से भी कहा है कि प्रदेश में जहां कहीं भी विद्युत आपूर्ति बाधित हो, उसे शीघ्र संचालित किया जाए और जो भी कर्मचारी कार्यस्थल पर न हो, वह कार्यस्थल पर जाकर अपनी ड्यूटी करें।

बीते तीन दिनों से हड़ताल कर रहे थे बिजली कर्मी

बता दें कि बिजलीकर्मियों का आज यानी रविवार को हड़ताल का तीसरा दिन था। विद्युत कर्मियों के स्ट्राइक का असर पॉवर सप्लाई पर दिखऩे लगा था। आम उपभोक्ता इसे लेकर सड़कों पर उतरने लगे थे। इस बीच शनिवार शाम को आंदोलनरत विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के बीच बैठक हुई। बैठक तीन घंटे से अधिक चली लेकिन नतीजा कुछ भी नहीं निकला।

बैठक बेनतीजा रहने के कारण यूनियन के नेताओं ने हड़ताल को जारी रखऩे का आह्वान किया था। जानकारी के मुताबिक, रविवार को एक बार फिर इस मुद्दे पर बिजली कर्मचारी यूनियन के नेता और ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा बातचीत की। बातचीत के बाद बिजली कर्मियों ने हड़ताल को खत्म करने का ऐलान किया।

DCM ब्रजेश पाठक ने हड़ताल खत्म करने की अपील की थी

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बिजली कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील की थी। उन्होने कहा कि आप लोग जनता के हित में हड़ताल खत्म करें।

यूनियन के 22 नेताओं पर दर्ज है मुकदमा

उत्तर प्रदेश सरकार ने हड़ताल पर गए बिजली कर्मचारियों के खिलाफ शनिवार को बड़ी कार्रवाई की थी। यूनियन के 22 नेताओं के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में एस्मा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा 29 अन्य लोगों पर भी एफआईआर दर्ज की गई थी। बिजली विभाग ने 3 हजार से अधिक संविदाकर्मियों को नौकरी से निकाल दिया था।

Tags:    

Similar News