UP Politics: अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तंज- अब इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री जी होर्डिंग लगवाएंगे?

UP Politics- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच छिड़ी जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है।

Written By :  Hariom Dwivedi
Update: 2023-03-09 09:28 GMT
फाइल फोटो- अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ (साभार- सोशल मीडिया)

UP Politics- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच छिड़ी जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है। एक ट्वीट में उन्होंने जहां योगी सरकार पर गुझिया की मिठास छीनने का आरोप लगाया है वहीं, दूसरे ट्वीट में नीति आयोग की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए घेरा है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, "जनता पूछ रही है कि नीति आयोग की सरकारी रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश तथाकथित डबल इंजन की सरकार में समग्र रूप से 22 वें (निचले) स्थान पर आया है तो इस अमृत उपलब्धि पर मुख्यमंत्री जी होर्डिंग लगवाएंगे या जनता।" उन्होंने लिखा कि लगता है इन इंजनों के तेल की आपूर्ति किसी और के खाते में जा रही है, तभी ये नाकाम हैं।

"अबकी बार, छीनी मिठास"

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक और ट्वीट करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। इस ट्वीट के साथ उन्होंने दो फोटो शेयर की हैं। एक में एक महिला चूल्हे पर खाना बना रही है जबकि पास में ही गैस सिलेंडर रखा हुआ है। दूसरी तस्वीर में महंगे सिलेंडर के विरोध में महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। इस ट्वीट में अखिलेश यादव ने लिखा है, "इस होली पर भाजपा के महंगे सिलेंडर ने गुझिया की मिठास छीन ली। जनता कह रही है कि भाजपा को हम नया नारा दे रहे हैं। अबकी बार, छीनी मिठास!"

पूर्व गृहमंत्री के निधन पर जताया दुख

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तीसरे ट्वीट में यूपी के पूर्व गृहमंत्री रणजीत सिंह जूदेव की तस्वीर शेयर की है और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री, श्री रणजीत सिंह जूदेव जी का निधन, अत्यंत दुखद। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि!"

यह भी पढ़ें: आखिर योगी और अखिलेश के बीच क्यों नहीं थम रही है जंग?



Tags:    

Similar News