Varanasi News: चंद्रयान की सफलता से झूम उठा काशी, ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ जगह-जगह मना जश्न

Chandrayaan-3: संस्थान के ऐनी बेसेंट व्याख्यान संकुल के दो हॉल और इलेक्ट्रिकल विभाग में छात्रों की साइंस एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल द्वारा हॉल संख्या जी-8 छात्रों से खचाखच भरा रहा। सभी इस सुनहरे पल को अपने मोबाइल में कैद करने को व्याकुल रहे।

Update: 2023-08-23 14:38 GMT
(Pic: Newstrack)

Varanasi News: भारत का चंद्रयान-3 का चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के स्वर्णिम अध्याय का आईआईटी (बीएचयू) भी गवाह बना। चंद्रयान-3 के चंद्रमा की धरती पर लैंड होते ही खचाखच भरे एबीएलटी और जी-8 हॉल ‘वंदे मातरम’, ’भारत माता की जय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों को गूंज उठा।

छात्रों, अधिकारियों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बना

संस्थान के ऐनी बेसेंट व्याख्यान संकुल के दो हॉल और इलेक्ट्रिकल विभाग में छात्रों की साइंस एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल द्वारा हॉल संख्या जी-8 छात्रों से खचाखच भरा रहा। सभी इस सुनहरे पल को अपने मोबाइल में कैद करने को व्याकुल रहे। चंद्रयान-3 के पल-पल चंद्रमा की धरती पर पहुंचने का सजीव प्रसारण देख तालियां बजती रहीं और चंद्रयान-3 ने जैसे ही चंद्रमा पर उतरा वैसे ही छात्रों, अधिकारियों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर एबीएलटी में लाइव प्रसारण देखने के बाद निदेशक प्रोफेसर प्रमोद कुमार जैन ने इसरो के वैज्ञानिकों समेत देश और दुनिया के सभी भारतीयों को नए गौरव प्राप्त होने की बधाई दी।

उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि से अंतरिक्ष विज्ञान का अध्ययन कर रहे छात्रों को भी काफी मदद मिलेगी। सजीव प्रसारण के अवसर पर एबीएलटी में अधिष्ठाता रिसर्च एंड डेवलेपमेंट प्रोफेसर विकास कुमार दूबे, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर एलपी सिंह, अधिष्ठाता रिसोर्स एंड अल्मुनी प्रोफेसर राजीव श्रीवास्तव, डॉ आरके सिंह, रजिस्ट्रार इनचार्ज राजन श्रीवास्तव, संयुक्त कुलसचिव डॉ सर्वेश कुमार तिवारी, संयुक्त कुलसचिव लेखा स्वाति बिस्वास आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

Varanasi News: ढोल नगाड़े के साथ मिठाइयां बांटकर मनाई खुशियां

Varanasi News: वाराणसी में राष्ट्रीय हिन्दू दल द्वारा सड़कों पर ढोल नगाड़े के साथ मिठाइयां बांट कर खुशियां मनाई जा रही हैं। राष्ट्रीय हिन्दू दल संगठन के अध्यक्ष रोशन पाण्डेय ने कहा कि आज हम सभी भारतवासियों के लिए बहुत बड़ा दिन है, पूरी दुनिया भारत की ताकत को देख नतमस्तक है। आज भारत ने नया इतिहास रचा है, जहां अंतरिक्ष के इतिहास में आजतक कोई दक्षिणी ध्रुव पर नहीं पहुंचा, वहां हमारा देश भारत पहुंचा और तिरंगा लहरा रहा है। रोशन पाण्डेय ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता की कामना से वाराणसी में लगातार हमने और हमारी संगठन ने मंदिरों में अनुष्ठान हवन पूजन किया जिससे हमारे चंद्रयान और इसरों वैज्ञानिकों को सफलता मिले और हमारी प्रार्थना स्वीकार हुई।

रोशन पाण्डेय ने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे ही हमारा देश आगे बढ़ता रहे ऐसी ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आगे भी सफलताएं मिलती रहें। प्रदेश अध्यक्ष बबलू अग्रहरि ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। दुनिया ने भारत की ताकत को देखा है सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं। आचार्य रणधीर ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता नई भारत की ताकत है, बदलता हुआ भारत की तस्वीर है, विश्व गुरु की ओर अग्रसर आज अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रच दिया है, सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं।

दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती आज चंद्रयान-3 के नाम समर्पित रही। चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग पर मां गंगा की 7 अर्चकों ने विशेष आरती उतारी। इस दौरान चंद्रयान-3 को लेकर आरती देखने आए श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल दिखा।

Tags:    

Similar News