Sonbhadra: यहां हर प्रमुख प्रत्याशी पर है आपराधिक मुकदमा दर्ज, किसी पर बलात्कार तो किसी पर मारपीट-लूट

UP Election 2022: दुद्धी विधानसभा सीट पर इस बार सियासी समर का खेल जहां दिलचस्प हो चला है। वहीं यहां सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का मामला सामने आया है।

Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-02-25 15:25 GMT

यूपी चुनाव (Social Media)

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के साथ ही झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के आदिवासियों का मिजाज बयां करने वाली दुद्धी विधानसभा सीट पर इस बार सियासी समर का खेल जहां दिलचस्प हो चला है। वहीं यहां सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का मामला सामने आया है।

नामांकन के समय निर्वाचन विभाग को सौंपे गए शपथ पत्रों पर यकीन करें तो भाजपा प्रत्याशी रामदुलार गोंड (BJP candidate Ramdular Gond) पर जहां नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज हैं। वहीं सपा उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री विजय सिंह गोंड़ मारपीट-लूट के एक मामले में आरोपी हैं।

पशु क्रूरता, पुलिस मुठभेड, गबन के 15 मुकदमे दर्ज

उनके राजनैतिक गुरू की पत्नी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कांग्रेस उम्मीदवार बसंती पनिका पर भी गिरोहबंद होकर मारपीट, संपत्ति नुकसानी का मामला दर्ज है। वहीं विधायक एवं बसपा उम्मीदवार पर पशु क्रूरता, पुलिस मुठभेड, गबन आदि के 15 मुकदमे दर्ज हैं।

रामदुलार गोंड़ की तरफ से निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराई गई जानकारी में बताया गया है कि म्योरपुर थाने में उनके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज है और वर्तमान में मामला विचाराधीन है। वहीं विजय सिंह गोंड़ की तरफ से जानकारी दी गई है कि उनके खिलाफ बभनी थाने में मारपीट और लूट की धाराओं में मामला दर्ज है।

उन्होंने अपने शपथ पत्र में इसे झूठी एफआईआर बताया है। बसंती पनिका ने अनपरा थाने में मारपीट, संपत्ति नुकसानी, सरकारी कार्य में बाधा से संबंधित धाराओं में मुकदमे की जानकारी दी है और इसके पीछे राजनीतिक प्रदर्शन में भाग लेना बताया है।

वहीं हरिराम चेरो की तरफ से शपथ पत्र के साथ सौंपी गई 15 मुकदमों की लिस्ट में ओबरा, दुद्धी, विंढमगंज और झारखंड के गढ़वा, मेदिनीनगर में पुलिस मुठभेड़, विस्फोटक पदार्थ की बरामदगी, गबन, पशु क्रूरता, सरकारी संपत्ति के नुकसानी आदि के आरोप में मुकदमे दर्ज होने की बात उल्लिखित की है।

यहां भी करोड़पति हैं कई प्रत्याशी

दुद्धी विधानसभा में भी कई प्रत्याशी करोड़पति है। रामदुलार स्वयं और पत्नी को मिलकर 31 लाख सात हजार 840 की चल और दो करोड़़ नौ लाख की अचल संपत्ति के मालिक हैं। वहीं विजय गोंड़ स्वयं और पत्नी को मिलाकर 25 लाख 56 हजार 977 की चल और चार करोड़ पांच लाख 32 हजार की अचल संपत्ति के मालिक हैं। वहीं हरिराम के पास उनकी और उनकी पत्नी को मिलाकर 68 लाख 67 हजार की चल और दो करोड़ बारह लाख 50 हजार की अचल संपत्ति मौजूद है।

Tags:    

Similar News