Sonbhadra : मनबढ़ों ने जमकर मचाया उत्पात, बहन से छेड़छाड का विरोध करने आए भाई को पीटा, तोड़फोड़ कर जिंदा जलाने की दी धमकी, केस दर्ज

Sonbhadra Crime News: आरोप है कि बहन के साथ कई दिन से की जा रही छेड़छाड़ का विरोध करने भाई पहुंचा तो उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद युवकों का समूह बनाकर उसके घर/किराए के मकान पर धावा बोल दिया गया।;

Update:2025-03-02 20:18 IST

Sonbhadra News : पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ में मनबढ़ों द्वारा जमकर उत्पात मचाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बहन के साथ कई दिन से की जा रही छेड़छाड़ का विरोध करने भाई पहुंचा तो उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद युवकों का समूह बनाकर उसके घर/किराए के मकान पर धावा बोल दिया गया। गाली-गलौज करते हुए वाहनों, मड़हे में तोड़फोड़-क्षति पहुंचाई गई। आइंदा विरोध करने पर घर में आग लगाकर जिंदा जलाने की धमकी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों की बीएनएस की धारा 74, 115(2), 352, 351(2), 324(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। प्रकरण की छानबीन भी शुरू कर दी गई है।

घटना पन्नूगंज थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाके रामगढ़ कस्बे की बताई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि वह मूलतः बिहार के सीमावर्ती जिले कैमूर के अधौरा क्षेत्र का रहने वाला है। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में किराए पर कमरा लेकर पिछले नौ साल से रह रहा है। जहां वह रहता है, उसके पास ही पुलिया बनी हुई है।

आरोप है कि गत 28 फरवरी की रात लगभग 10 बजे के करीब उस पुलिया पर सत्यनरायण और सुलेंदर निवासी लिलारी पोस्ट मझिडढ़ थाना पन्नूगंज बैठे हुए थे। पीड़ि़त का आरोप है कि उक्त आरोपी उसकी बहन को कई दिनों से परेशान करने-छेड़खानी में लगे हुए थे। दूसरी-दूसरी लड़कियों से फोन करवाकर भी परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि जब उसने पुलिया के पास जाकर, उन्हें ऐसा करने से मना किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह वह खुद को छुड़ाकर घर चला आया।

दोबारा गोल बनाकर धमके आरोपी, मचाया खासा उत्पात

आरोपों के मुताबिक मारपीट करने के बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद कई दूसरे युवकों के साथ गोल बनाकर उसके कमरे पर पहुंचे और उत्पात मचाना शुरू कर दिया। आरोपों के मुताबिक गाली-गलौज करते हुए उसके कमरे के सामने खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। साइकिल और डीजे को क्षतिग्रस्त कर दिया। कमरे के सामने लगाए गए मड़हे को उखाड़ दिया। आरोप है कि जाते समय घर में आग लगाकर जिंदा जला देने की धमकी दी गई। पन्नूगंज पुलिस के मुताबिक प्रकरण में बीएनएस की उपरोक्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Tags:    

Similar News