Agra News: खतरे के निशान के करीब पहुँचा यमुना नदी का जल स्तर, शहर में बनाई गई दो बाढ़ चौकिया

Agra News: यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर की रफ्तार को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। आज अधिकारियों ने यमुना किनारे बसे शहर और देहात के कई गांवो का निरीक्षण किया।

Update: 2023-07-15 12:21 GMT
प्रेस वार्ता करते पुलिस अधिकारी (Pic: Newstrack)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। यमुना नदी अपने पूरे उफान पर है। यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 15 जुलाई को यमुना नदी का जलस्तर दोपहर 2 बजे तक 494 दशमलव 40 फ़ीट पर पहुंच गया है। जो लो फ्लड लेवल से महज 60 सेंटीमीटर दूर है। यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण ताजगंज श्मशान घाट और कैलाश मंदिर घाट की सीढ़ियां पानी में डूब चुकी है। श्मशान घाट परिसर में पानी भर जाने की वजह से शवों का अंतिम संस्कार करने में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट

यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर की रफ्तार को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। आज अधिकारियों ने यमुना किनारे बसे शहर और देहात के कई गांवो का निरीक्षण किया। नदी किनारे रहने वाले लोगों से बातचीत कर सभी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बाढ़ प्रभावित चिन्हित स्थानों पर गोताखोर और नाविकों की ड्यूटी लगा दी है। बाढ़ से निपटने की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। यमुना नदी के साथ चंबल नदी का जलस्तर भी रह-रहकर बढ़ रहा है। यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर का कारण हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी है। पानी, दिल्ली के ओखला बैराज, मथुरा के गोकुल बैराज होते हुए आगरा यमुना नदी में पहुंचा है।

इतना फीट पहुंचा यमुना नदी का जलस्तर

आगरा में यमुना नदी का जलस्तर धीमे-धीमे बढ़कर 494.40 फ़ीट तक पहुंच चुका है। यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखकर नदी किनारे बसे गांवो घरों में हलचल तेज हो गई है। सभी को पलायन का डर सताने लगा है। यमुना नदी के जलस्तर में भले ही इजाफा हुआ है लेकिन अभी बाढ़ के बड़े खतरे जैसी कोई बात नहीं है। यमुना नदी का जलस्तर अभी 494.40 फ़ीट पर है। जो खतरे के निशान से 60 सेंटीमीटर नीचे है। आपको बता दें यमुना नदी का लो फ्लड लेवल 495 फीट का है। मीडियम फ्लड लेवल 499 फ़ीट पर है। जबकि 508 फीट के वाटर लेवल को हाई फ्लड लेवल माना गया है। फिलहाल यमुना नदी का जलस्तर बढ़ रहा है।

गोकुल बैराज से छोड़ा गया पानी

गोकुल बैराज से आगरा की यमुना नदी में 97362 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। आगरा में यमुना नदी के साथ चंबल नदी का जलस्तर भी बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। चंबल नदी का जलस्तर बढ़कर 113.70 मीटर पर पहुंच गया है। जो खतरे के निशान से अभी काफी मीटर नीचे है। चंबल नदी में 137.60 मीटर वाटर लेवल को हाई फ्लड लेवल माना गया है। आपको बता दें कि पिछले साल 2022 में चंबल नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण कई गांवों के लोगों को घरों से पलायन करना पड़ गया था। चंबल के रूप को रौद्र होता देख ग्रामीणों की चिंता बढ़ रही है।

शहरी क्षेत्र में बनाई गई दो बाढ़ चौकी - पुलिस उपायुक्त

पुलिस उपायुक्त आगरा शहर ने बताया कि यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आगरा में शहरी क्षेत्र में दो बाढ़ चौकी स्थापित कर दी गई हैं। एक बाढ़ चौकी बलकेश्वर क्षेत्र में बनाई गई है। जबकि दूसरी चौकी ताजमहल के पीछे दशहरा घाट पर बनाई गई है। पुलिस की टीम लगातार लोगों को जागरूक कर रही हैं। पुलिस की टीम पूरी तरह अलर्ट है।

Tags:    

Similar News