Etah News: ‘मर्जी के बिना कोई नहीं भरेगा सरकारी हैंडपंप से पानी’, कहकर महिला को था पीटा, इलाज के दौरान हुई मौत

Etah News: जनपद के मारहरा थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर उपजे विवाद में एक महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी गई थी। महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Update: 2023-04-20 19:20 GMT
एटा में महिला की बेरहमी से पिटाई इलाज के दौरान हुई मौत: Photo- Newstrack

Etah News: जनपद के मारहरा थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर उपजे विवाद में एक महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी गई थी। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन गुरूवार को उस महिला ने दम तोड़ दिया। इससे पूर्व बेखौफ दबंगों ने पीड़िता के घर में आग लगा दी थी। आरोप लग रहे हैं कि इस मामले में पुलिस दबंगों को खुला संरक्षण दे रही है।

पति ने दी आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर

मृतका के पति रिंकू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने घटना की तीन लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रिंकू सिंह ने बताया कि बीती 15 अप्रैल को शाम करीब पांच बजे उनकी पत्नी साधना पास में लगे सरकारी हैंड पंप से पानी भर रही थी। तभी गांव के दबंग सुधीर कुमार कल्लू उर्फ संदीप और प्रेमपाल नाम के गांव के दबंग वहां आ धमके। आरोप है कि उन्होंने पानी भर रही महिला को कहा कि यहां से पानी मत लिया करो और गाली-गलौच की। महिला सरकारी हैंडपंप से पानी भरने को लेकर नहीं मानी तो उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई।

लाठी-डंडे व सरिया से किया हमला

रिंकू सिंह के मुताबिक दबंगों ने उनकी पत्नी को जमीन पर गिराकर बेरहमी से लाठी-डंडो और सरिया से पीटा। वो उसे बचाने गए तो उनके साथ भी जमकर मारपीट की गई। दबंगों का कहना था कि ‘उनकी मर्जी के बिना इस सरकारी हैंड पंप से कोई पानी नहीं भर सकता।’ तभी मौके पर गांव के लोग भी आ गए, जिन्होंने बमुश्किल रिंकू व पत्नी को दबंगों के चंगुल से छुड़ाया और पत्नी को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। वहां महिला की हालत गंभीर देखने के बाद उसे आगरा रेफर कर दिया गया। जहां गुरूवार को इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

घर में लगाई आग

मृतक महिला के पति के मुताबिक एक तरफ उनकी पत्नी का जब इलाज चल रहा था, उसी दौरान प्रेमपाल और सुधीर ने उनके घर में आग तक लगा दी। जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंगों को पुलिस ने संरक्षण दे रखा है। जिसकी वजह से उनके खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने खुद की जान को भी दबंगों से खतरा बताया।

ये कहना है पुलिस का

अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया है। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अब उक्त घटना में साधना की मौत की धाराएं जोड़कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

Tags:    

Similar News