लोकसभा चुनाव: उप्र में अब तक हटाए गए 18 लाख से अधिक बैनर-पोस्टर, दो लाख असलहे जमा

Update: 2019-03-18 15:40 GMT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के अब तक 18 लाख 66670 बैनर-पोस्टर और वाॅल राइटिंग हटाए जा चुके हैं। इसके अलावा कानून व्यवस्था के तहत पूरे राज्य से अब तक दो लाख 18 हजार 198 लाइसेंसी असलहे जमा कराए गए हैं।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने सोमवार शाम को यहां बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रदेश भर में जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थानों से अब तक 93371 वॉल राइटिंग, 667551 पोस्टर, 351580 बैनर और 294352 अन्य प्रचार सामग्री हटाई गई हैं। इसके अलावा निजी स्थानों से 54871 वॉल राइटिंग, 206738 पोस्टर, 125535 बैनर और 72672 अन्य प्रचार सामग्री हटाई गई हैं।

एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि कानून व्यवस्था के तहत अब तक प्रदेश भर से 218198 लाइसेंसी असलहे जमा कराए गए हैं। इस दौरान 186 लोगों के लाइसेंस भी निरस्त किए गए हैं। इसके अलावा शांतिभंग की आशंका में पूरे प्रदेश में अब तक 789755 लोगों को पाबंद किया है और 7092 लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट तामील कराया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में अब तक 3146 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की गयी है।

प्रदेश में 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरणों में लोकसभा के चुनाव होंगे।

Tags:    

Similar News