Google Map: गूगल मैप ने दो पर्यटकों को पहुंचाया खाई में, जानें क्या है मामला

Google Map: गूगल मैप पर आंख मूंद कर भरोसा करना खतरे से खाली नहीं है। ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें लोग मौत के मूंह से बाहर निकले हैं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update:2023-02-10 09:37 IST

Google Map (photo: social media )

Google Map: आजकल लगभग हर स्मार्टफोन यूजर लोकेशन के लिए गूगल मैप यूज करता है। जब कभी हम किसी नई जगह पर जाते हैं तो हम वहां तक पहुंचने के लिए इसी का सहारा लेते हैं। ऑनलाइन टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनियों का तो पूरा बिजनेस ही इसपर आधारित है। लेकिन गूगल मैप है तो टेक्नोलॉजी ही, जिसे इंसान ने बनाया है और इसमें भी गलती की पूरी गुंजाइश है। इसलिए इस पर आंख मूंद कर भरोसा करना खतरे से खाली नहीं है। ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें लोग मौत के मूंह से बाहर निकले हैं।

ताजा मामला उत्तराखंड के जोशीमठ का है। पहाड़ों में घूमने के लिए दो पर्यटक दिल्ली से यहां आए थे। उन्होंने विष्णुप्रयाग जाने के लिए गूगल मैप से शॉर्टकट रास्ता लिया, जो कि एक पैदल रास्ता था। दोनों उस रास्ते पर चल निकले। उस रास्ते में मौजूद पुल टूटा हुआ था लेकिन दोनों इससे अनजान थे, जिससे खाई में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें रेस्क्य़ू किया। अगर समय पर टीम नहीं पहुंचती तो शायद उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ता।

नहर में घुस गई कार

पिछले साल यानी मई 2022 में कर्नाटक का एक परिवार केरल के मुन्नार से अलाप्पुझा घूमने जा रहा था। गूगल मैप की मदद से चल रही कार कडुथुरुथी में अचानक एक नहर में घुस गई। पीड़ितों ने बताया कि जैसे-जैसे मैप लोकेशन बता रहा था, उसी के अनुसार ड्राइवर गाड़ी चला रहा था, फिर भी ये घटना हुई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने मौके पर तुरंत पहुंचकर परिवार को गाड़ी से बाहर निकाला। वहीं, कार को भी लॉरी से खींचकर बाहर निकाला गया।

यूक्रेनी महिला की फंस गई थी कार

जुलाई 2022 में एक और ऐसी ही घटना भारत घूमने आई यूक्रेनी पर्यटक के साथ हुआ था। यूक्रेनी महिला अपने पति के साथ कार से हरिद्वार जा रही थी। उसने इसके लिए गूगल मैप का सहारा लिया था। गूगल मैप के बताए रास्ते पर चल रही यूक्रेन की महिला की कार भी गंगा के खादर में कीचड़ में जा फंसी। घटना रात करीब 11 बजे की थी। यूक्रेनी महिला के भारतीय पति ने डॉयल 112 पर मदद मांगी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को रेस्क्यू किया।

बता दें कि गूगल मैप एक नेविगेशन एप है, जो रूट, लाइव ट्रैफिक और आसपास के पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर समेत कई सर्विस सेंटर के लोकेशन की डिटेल उपलब्ध कराता है। मगर जरूरी नहीं है कि गूगल की ओर से दी गई ये जारी जानकारी सही ही होगी। गूगल मैप सुरक्षा कारणों से लाइव या फिर तुरंत अपडेट नहीं दिखाता है। पहाड़ों में बारिश और लैंडस्लाइड की घटनाओं की वजह से रास्तों की स्थिति तेजी से बदलती रहती है। इसलिए इन इलाकों में यात्रा करने वालों को गूगल मैप पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचना चाहिए।

Tags:    

Similar News