Uttarakhand News: भाजपा विधायक का विवादित बयान बोले, सरस्वती, दुर्गा, और लक्ष्मी को पटाओ

Uttarakhand News: भाजपा विधायक बंशीधर भगत ने अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर देवी-देवताओं को लेकर विवादित बयान दिया है।

Report :  Jugul Kishor
Update: 2022-10-12 10:07 GMT

भाजपा विधायक का विवादित बयान बोले, सरस्वती, दुर्गा, और लक्ष्मी को पटाओ

Uttarakhand News: उत्तराखंड के हल्द्वानी जनपद में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर भाजपा विधायक ने एक बहुत ही विवादित बयान दिया है, जिसकी हर कोई निंदा कर रहा है और लोगों का आक्रोश भी सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है। भाजपा विधायक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भाजपा विधायक बंशीधर भगत ने अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर मंच से संबोधित करते हुए महिलाओं और लड़कियों के सामने ही हिंदू देवी-देवताओं को लेकर विवादित बयान देते हुए कहा कि लड़कियों को यदि अगर विद्या चाहिए तो सरस्वती को पटाओ, शक्ति मांगने की बारी आए तो दुर्गा को पटाओ और यदि अगर धन चाहिए तो लक्ष्मी को पटा लो।

भाजपा विधायक का विवादित बयान

भाजपा विधायक बंशीधर भगत अपने वायरल वीडियो में कह रहे हैं कि आज हम बालिका दिवस पर एकत्रित हुए हैं। बालिकाओं का हमेशा सम्मान होता है, लेकिन बालकों को भी सम्मान भी मिलना चाहिए। विद्या मांगो तो सरस्वती को पटाओ, बल और शक्ति मांगो तो दुर्गा को पटाओ और धन मांगों तो लक्ष्मी को पटाओ। आदमी के पास है क्या? इसीलिए शिवजी पहाड़ में पड़े हुए हैं, गले में सांप लटका हुआ और गंगा जी ऊपर से निकल रही हैं। विष्णु भगवान समुंद्र की गहराई में हैं। महिला सशक्तिकरण तो पहले से चला आ रहा है। और आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बच्चियों का भविष्य उज्ज्वल हो मैं ऐसी कामना करता हूं। केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद में प्रत्येक प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही है।

भाजपा विधायक जिस कार्यक्रम में यह भाषण दे रहे हैं वहीं पर बैठे हुए लोग ठहाके लगा रहे हैं तालियां पीट रहे हैं, कोई भी भाजपा विधायक की बातों पर ऐतराज नहीं कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस दिवस कार्यक्रम में मंच पर महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्य भी मौजूद थी, लेकिन उन्होने भी भाजपा विधायक के बयान को लेकर कोई एतराज नहीं किया।

Tags:    

Similar News