Saif al-Adel Al-Qaeda: अलकायदा का नया चीफ बना सैफ अल अदल, ईरान में बना रखा है ठिकाना, 9/11 के हमले में भी निभाई थी भूमिका

Saif al-Adel Al-Qaeda: अब अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि मिस्र के सैफ को अलकायदा का नया चीफ बनाया गया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-16 04:26 GMT

Saif al-Adel Al-Qaeda (photo: social media )

Saif al-Adel Al-Qaeda: अल जवाहिरी की मौत के बाद कुख्यात आतंकवादी संगठन अलकायदा की कमान सैफ अल अदल को सौंपी गई है। अमेरिकी हमले में अल जवाहिरी के मारे जाने के बाद अलकायदा के नए सरगना के रूप में सैफ अल अदल का नाम पहले भी चर्चाओं में सुना गया था। अब अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि मिस्र के सैफ को अलकायदा का नया चीफ बनाया गया है।

अमेरिका ने पिछले साल एयर स्ट्राइक के दौरान अल जवाहिरी को मार गिराया था। कुख्यात आतंकी सरगना ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद अल जवाहिरी ने अलकायदा की कमान संभाली थी।

9/11 के हमले में भी सैफ की भूमिका

अलकायदा का नया चीफ सैफ आतंक की दुनिया में काफी दिनों से सक्रिय रहा है। अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए भीषण हमले में भी सैफ की बड़ी भूमिका मानी जाती है। सूत्रों के मुताबिक सैफ ने कई हाईजैकर्स को प्रशिक्षण देकर भेजा था।

बाद में इन हाईजैकर्स ने अमेरिका में भीषण हमले को अंजाम दिया। सैफ के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक उसने 2002 से ही ईरान में अपना ठिकाना बना रखा है। ईरान में रहकर ही वह अलकायदा की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि

हालांकि अलकायदा की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से सैफ को संगठन का नया चीफ नहीं घोषित किया गया है मगर अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से इस बात की पुष्टि की गई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना है कि हमारा आकलन संयुक्त राष्ट्र के आकलन से बिल्कुल मेल खाता है जिसके मुताबिक मौजूदा समय में अलकायदा की कमान सैफ अल अदल के हाथों में है। वह ईरान से अलकायदा के ऑपरेशंस को अंजाम दे रहा है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय से पहले संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में भी अलकायदा की कमान सैफ अदल को सौंपे जाने की बात कही गई थी। इससे पहले अमेरिका अलकायदा के दो सरगनाओं को मार चुका है। अमेरिका ने 2011 में किए गए एक बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तान के एबटाबाद में अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन को मार गिराया था।

लादेन के बाद अल जवाहिरी अलकायदा के सरगना की भूमिका निभा रहा था मगर अमेरिका ने पिछले साल अफगानिस्तान में एक बड़ा ऑपरेशन करते हुए अल जवाहिरी को भी मार गिराया था।

मिस्र का रहने वाला है सैफ

सूत्रों के मुताबिक सैफ अल अदल काफी दिनों से अलकायदा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। सैफ मिस्र का रहने वाला है और वह मिस्र के विशेष बलों में लेफ्टिनेंट कर्नल रह चुका है। बाद में 62 वर्षीय सैफ अलकायदा से जुड़ गया और दुनिया भर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने लगा।

अलकायदा संगठन के विस्तार में उसकी बड़ी भूमिका मानी जाती है। लादेन की मौत के बाद से ही वह एक रणनीतिकार के रूप में अलकायदा में प्रमुख भूमिका निभाता रहा है।

अमेरिका ने घोषित कर रखा है बड़ा इनाम

सैफ भी लंबे समय से अमेरिका की रडार पर है और अमेरिका ने सैफ पर 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। जानकारों का कहना है कि सैफ का काम करने का अंदाज लादेन और अल जवाहिरी से बिल्कुल अलग है और वह पर्दे के पीछे से अलकायदा की आतंकी गतिविधियों में प्रमुख भूमिका निभाता रहा है। सैफ कई बार पाकिस्तान की यात्रा भी कर चुका है और पाकिस्तान में अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था।

Tags:    

Similar News