Pakistan: हाफिज सईद को भारत के हवाले करने से पाक का इनकार, कहा ऐसी कोई संधि नहीं
Pakistan: हाफिज सईद लश्कर ए तैयबा का संस्थापक है। ये संगठन 1990 के दशक में कश्मीर में भारत के सैन्य और नागरिक ठिकानों पर आतंकी हमलों को अंजाम देने के बाद प्रमुखता से उभरा।;
lashkar e taiba founder terrorist leader Hafiz Saeed (photo: social media )
Pakistan: पाकिस्तान ने लश्कर ए तैयबा के संस्थापक आतंकी सरगना हाफिज सईद को भारत के सुपुर्द करने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान ने कहा है कि उसे प्रतिबंधित जमात-उद-दावा (जेयूडी) के प्रमुख हाफिज मुहम्मद सईद के प्रत्यर्पण के लिए भारत से अनुरोध मिला है, लेकिन चूंकि भारत के साथ कोई प्रत्यर्पण समझौता नहीं है सो वह कोई कार्रवाई नहीं कर सकता है।
विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज ज़हरा बलूच ने एक बयान में कहा - पाकिस्तान को भारतीय अधिकारियों से एक अनुरोध प्राप्त हुआ है, जिसमें तथाकथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाफिज सईद के प्रत्यर्पण की मांग की गई है। हालाँकि, भारत के अनुरोध पर अमल करने की कोई योजना नहीं हो सकती है, क्योंकि पाकिस्तान और भारत के बीच कोई द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि मौजूद नहीं है।
क्या है आरोप
भारत ने हाफिज सईद पर सीमा पार हमलों में शामिल होने का आरोप लगाया है, हालांकि प्रतिबंधित संगठन के प्रमुख ने सभी दावों का खंडन किया है।
31 साल जेल की सज़ा
--हाफिज सईद लश्कर ए तैयबा का संस्थापक है। ये संगठन 1990 के दशक में कश्मीर में भारत के सैन्य और नागरिक ठिकानों पर आतंकी हमलों को अंजाम देने के बाद प्रमुखता से उभरा।
- कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के अनुसार, सईद 2008 में मुंबई हमलों की योजना बनाने में शामिल था।
- एक पाकिस्तानी अदालत ने 2022 में आतंकवाद के वित्तपोषण के आरोप में सईद को 31 साल जेल की सजा भी सुनाई थी।
- भारतीय और अमेरिकी सरकारों ने भी सईद को आतंकवादी के रूप में सूचीबद्ध किया है।
- अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सईद पर 10 मिलियन डॉलर का इनाम रखने की पेशकश की है।
- 10 दिसंबर 2008 को हाफिज सईद को संयुक्त राष्ट्र 1267/1989 अल-कायदा प्रतिबंध समिति में अल-कायदा आतंकवादी संगठन से जुड़े एक व्यक्ति के रूप में सूचीबद्ध किया गया था और इस प्रकार वह अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के अधीन है।
- इतना सब होते हुए भी हाफिज सईद पाकिस्तान में खुलेआम घूमता है। 75 वर्षीय सईद नियमित रूप से राजनीतिक रैलियों को संबोधित करता है और वह एक राजनीतिक दल पाकिस्तान मरकज़ी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) के पीछे की ताकत है।
- हाफिज सईद का बेटा, तल्हा सईद, लश्कर-ए-तैयबा में एक प्रमुख व्यक्ति है और उसके 2024 के पाकिस्तान आम चुनाव में एक सीट के लिए चुनाव लड़ने की उम्मीद है।