Russia-Ukraine War: यूक्रेन को मिल रही अमेरिकी सहायता पर भड़का रूस, दी ये चेतावनी

Russia Ukraine War: रूस ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन को हथियार सप्लाई करना बंद करे।

Published By :  Ragini Sinha
Update: 2022-04-16 10:14 GMT

अमेरिका प्रेसिडेंट जो बाइडेन और रूस प्रेसिडेंट वलादमीर पुतिन (Social media)

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध 53वें दिन में प्रवेश कर चुका है। रूसी सेना के भीषण हमले के कारण लगभग पूरा यूक्रेन तबाह हो चुका है। राजधानी कीव को छोड़कर लगभग यूक्रेन के सारे बड़े शहर मलबे के ढेर में तब्दिल हो चुके हैं। हालांकि फिर भी यूक्रेनी सेना ने हथियार नहीं डाले हैं। सीमित शक्ति के साथ अपने से कहीं अधिक शक्तिशाली सेना से लड़ रही यूक्रेन की आर्मी ने गजब के साहस और युद्धकौशल का परिचय दिया है। जंग के मैदान में नष्ट पड़े बड़े पैमाने पर रूसी टैंक इसके गवाह हैं। 

'अमेरिका यूक्रेन को हथियार सप्लाई करना बंद करे'

अमेरिका समेत वेस्ट के अन्य देशों से मिल रही सैन्य साजो सामान के बदौलत यूक्रेन रूसी सेना को जबरदस्त नुकसान पहुंचा रहे है। काले सागर में खतरनाक रूसी वॉरशिप को डूबाकर यूक्रेन ने अपने दुश्मन देश को जबरदस्त झटका दिया है। यूक्रेन के इस हमले के बाद रूस अमेरिका पर भड़क गया है। यूक्रेन को की जा रही अमेरिकी सैन्य साजों सामान की आपूर्ति पर रूस ने चेतावनी दी है। रूस ने कहा है कि अमेरिका यूक्रेन को हथियार सप्लाई करना बंद करे। ऐसा न करने पर अमेरिका को ऐसे जोखिम का सामना करना पड़ सकता है जिसका अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता।

अमेरिका का रूस को जवाब 

रूसी चेतावनी पर अमेरिका ने भी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता नेड प्राइस ने रूस को जवाब देते हुए कहा कि अमेरिका को यूक्रेन का समर्थन जारी रखने से कोई नहीं रोक सकता है। रूसी चेतावनी के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन की सहायता के लिए 800 मिलियन डॉलर की मिलिट्री सहायता को मंजूरी दी है। इसमें 11 हेलिकॉप्टर, 18 हॉवित्जर तोप और 300 स्विचब्लेड ड्रोन शामिल हैं। इससे पहले नाटो के अन्य देश जैसे ब्रिटेन, कनाडा, आस्ट्रलिया, तुर्की और फ्रांस समेत अन्य देश यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई कर चुके हैं। 

इसके अलावा युद्धग्रस्त यूक्रेन की मदद के लिए अंतराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानि आईएमएफ भी आगे आया है। रूसी हमले में ध्वस्त हुए यूक्रेन के इंफ्रास्ट्रकचर को फिर से खड़ा करने में आईएमएफ आर्थिक सहयोग करेगा।  IMF यूक्रेन की मदद को लेकर इमरजेंसी फंड को पहले ही बढ़ाकर 1.4 बिलियन डॉलर कर चुका है।

2651 लोग अब तक घायल हो चुके हैं, 900 शव बरामद

बता दें कि संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार के रिपोर्ट के मुताबिक जंग के कारण अब तक यूक्रेन में 1982 नागरिकों की जान जा चुकी है।  इनमें 511 पुरुष, 323 महिलाएं, 34 लड़कियां और 56 लड़के शामिल हैं। युद्ध में अब तक 72 बच्चों की मौत की बात भी कही गई है। वहीं 2651 लोग अब तक घायल हो चुके हैं। उधर, कीव के पुलिस प्रमुख ने कहा कि रूसी सेना के हटने के बाद से उन इलाकों से अबतक 900 शव बरामद किए जा चुके हैं। ये संख्या आने वाले दिनों में औऱ बढ़ सकती है।

Tags:    

Similar News