Vladimir Putin Not Well: रूसी राष्ट्रपति की खराब सेहत को लेकर अफवाह तेज, वीडियो में हिलते-डुलते दिखे पुतिन

Vladimir Putin Not Well: इस नए वीडियो में ब्लादिमीर पुतिन हिलते-डुलते नजर आ रहे हैं। उन्हें खड़े होने में काफी जद्दोजहद करना पड़ रहा है। वीडियो में उनके पैर लड़खड़ाते नजर आ रहे हैं, जिसे वह संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-06-15 12:58 GMT

Russian President Vladimir Putin (Photo Credit: Social Media)

Vladimir Putin Not Well: राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन लंबे समय से रूस की सत्ता पर काबिज हैं। सख्त मिजाज वाले पुतिन को दुनिया के सबसे सेहतमंद नेताओं में गिना जाता रहा है। अपने निरंकुश सत्ता के लिए आलोचकों के निशाने पर रहने वाले पुतिन की तगड़ी फिटनेस चर्चा का विषय रही है। लेकिन इन दिनों रह – रहकर पुतिन की खराब सेहत को लेकर अफवाहें जोर पकड़ रही हैं। हालांकि, क्रेमलिन कई बार इन्हें खारिज कर चुका है। लेकिन रूसी राष्ट्रपति का एक ताजा वीडियो सामने आने के बाद इन अफवाहों को नए सिरे से बल मिलना शुरू हो गया है।

इस नए वीडियो में ब्लादिमीर पुतिन हिलते-डुलते नजर आ रहे हैं। उन्हें खड़े होने में काफी जद्दोजहद करना पड़ रहा है। वीडियो में उनके पैर लड़खड़ाते नजर आ रहे हैं, जिसे वह संभालने की कोशिश कर रहे हैं। यूक्रेन की खुफिया एजेंसी के प्रमुख कायरलो बुडानोव के बयान ने इन अफवाहों को और हवा दे दी है। उनका कहना है कि रूसी राष्ट्रपति की शारीरिक और मानसिक सेहत काफी खराब है। वह काफी बीमार हैं और वे कैंसर के साथ अन्य कई बीमारियों से भी ग्रसित हैं।

हिलते-डुलते पुतिन

मीडिया रिपोर्ट्स में यह वायरल वीडियो क्रेमलिन में आयोजित एक पुरस्कार समारोह का बताया जा रहा है। जिसमें रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन भी शामिल हुए थे। इस पुरस्कार समारोह में 69 वर्षीय पुतिन फिल्म निर्माता निकिता मिखाइलोव को रूसी संघ के राज्य पुरस्कार से सम्मानित करते समय आगे और पीछे हिलते - डुलते दिख रहे थे। इस दौरान पुतिन पोडियम के पास अपना पैर हिलाते हुए भी दिखाए दिए। ऐसा लग रहा था कि मानो उन्हें खड़े होने में समस्या हो रही है।

पुतिन की सेहत को लेकर अफवाह

मीडिया रिपोर्टे के अनुसार, डॉक्टरों ने पुतिन को उनकी खराब सेहत का हवाला देते हुए लंबे समय तक सार्वजनिक कार्यक्रमों में मौजूद रहने से परहेज करने की सलाह दी है। कुछ मीडिया रिपोर्टेस में ये भी दावा किया गया है कि राष्ट्रपति पुतिन को हुआ कैंसर खतरनाक रूप लेता जा रहा है। इस कारण उनके पास जिंदा रहने के लिए तीन साल से अधिक का समय नहीं है। हालांकि, रूसी अधिकारी इन खबरों का खंडन कर चुके हैं।

दरअसल जब से राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ जंग छेड़ी है, तब से उनके सेहत के बारे में अफवाहें जोर पकड़ने लगी हैं। तमाम अंतराष्ट्रीय दवाबों और आर्थिक प्रतिबंधों को दरकिनार करते हुए रूस यूक्रेन के खिलाफ अभियान जारी रखे हुए हैं। इस युद्ध में अबतक रूस को काफी नुकसान उठाना पड़ा है, जिसे लेकर पुतिन पर दवाब भी है। लेकिन फिर भी वह अपने रूख पर डटे हुए हैं। 

Tags:    

Similar News