Tax Free Countries: वो देश जहां लोगों को अपनी कमाई पर सरकार को नहीं देना होता टैक्स

Tax Free Countries: कुछ देशों में लोगों से एक रूपया भी इनकम टैक्स नहीं लिया जाता। इनमें सख्त शरिया कानून वाले खाड़ी इस्लामिक देश भी शामिल हैं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-02-01 03:38 GMT

Tax Free Countries (photo: social media )

Tax Free Countries: इनकम टैक्स किसी भी देश के आय का एक मुख्य स्त्रोत होता है। हालांकि, भारत दुनिया के उन देशों में शुमार है, जहां आबादी का बड़ा हिस्सा टैक्स चोरी में लिप्त है यानी बहुत कम लोग ही ईमानदारी से टैक्स जमा करते हैं। सरकार बार-बार ऐसे लोगों से टैक्स भरने की अपील करती है। लेकिन दुनिया में कुछ ऐसे देश भी हैं, जो अपने यहां रह रहे लोगों से कोई इनकम टैक्स वसूलते ही नहीं हैं।

भारत में जहां इनकम टैक्स के रूप में मोटी रकम वसूली जाती है। वहीं, कुछ देशों में लोगों से एक रूपया भी इनकम टैक्स नहीं लिया जाता। इनमें सख्त शरिया कानून वाले खाड़ी इस्लामिक देश भी शामिल हैं। तो आइए एक नजर दुनिया के उन देशों पर डालते हैं, जो अपने लोगों को तिजोरी भरने के लिए कोई टैक्स चार्ज नहीं करते।

कतर

इजरायल से भी छोटा देश कतर दुनिया के सबसे अमीर मुल्कों में शुमार है। हाल ही में इस देश ने फीफा विश्व कप का आयोजन कर विश्व में वाहवाही लूटी थी। तेल और गैस के विशाल भंडार के कारण इस देश के पास अकूत संपत्ति है। यहां पर रहने वाले काफी धनी लोग हैं, फिर भी इनसे इनकम टैक्स नहीं वसूला जाता।

कुवैत

कुवैत भी दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादकों में शामिल है, जिसके कारण यहां काफी संपन्नता है। यह देश भी अपने नागरिकों से इनकम टैक्स नहीं वसूलता।

यूएई

संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई खाड़ी देशों में सबसे धनी और ताकतवर मुल्कों में शुमार है। दुबई जैसी इंटरनेशनल सिटी के कारण यह देश काफी मशहूर है। यहां की इकोनॉमी तेल और पर्यटन के कारण काफी मजबूत है। यूएई की सरकार अपने नागरिकों से इनकम टैक्स नहीं वसूलती।

ब्रुनेई

इस्लामिक किंगडम ब्रुनेई प्रचुर मात्रा में तेल की उपलब्धता के कारण एक धनी देश है। दक्षिण – पूर्व एशिया में पड़ने वाला यह देश भी अपने नागरिकों से इनकम टैक्स नहीं वसूलता।

बहरीन

खाड़ी देश बहरीन भी अपने नागरिकों से इनकम टैक्स के रूप में कोई कर नहीं वसूलता। यहां पर लोगों को अपनी कमाई पर कोई टैक्स अदा करना नहीं होता है।

ओमान

मिडिल ईस्ट में स्थित एक अन्य देश ओमान में भी तेल और गैस के विशाल भंडार हैं, जिसके कारण यहां काफी संपन्नता है। यूएई, कतर समेत अन्य देशों की तरह यह इस्लामिक देश भी अपने लोगों से इनकम टैक्स नहीं वसूलता।

सोमालिया

पूर्वी अफ्रीकी देश सोमलिया दशकों से गृह युद्ध की चपेट में है। इस्लामिक आतंकवादियों के हमले के कारण यह देश एक कब्रगाह बन चुका है। इस खतरनाक देश की सरकार भी अपने नागरिकों से इनकम टैक्स नहीं वसूलती।

मालदीव – खूबसूरत समुद्री तटों के कारण मालदीव टूरिस्टों के लिए एक आकर्षक गंतव्य स्थल है। भारत समेत दुनियाभर से लोग यहां छुट्टियां बिताने पहुंचते हैं। मुस्लिम बहुल आबादी वाले इस देश में भी इनकम टैक्स जैसा कोई कर लोगों को नहीं चुकाना पड़ता।

नौरू

दुनिया का सबसे छोटा आइलैंड नेशन नौरू भी अपने नागरिकों पर कोई इनकम टैक्स चार्ज नहीं करता।

मोनाको

यूरोप में स्थित मोनाको एक छोटा देश है। यहां की सरकार भी अपने लोगों से इनकम टैक्स नहीं वसूलती।

द बहमास

दुनियाभर के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय डेस्टिनेशन के तौर पर जाने जाने वाले द बहमास भी दुनिया के उन चुनिंदा मुल्कों में शुमार है, जो अपने नागरिकों से इनकम टैक्स नहीं वसूलता।

केमैन आइलैंड्स

कैरेबियाई देश केमैन आइलैंड्स भी पर्यटकों के लिए एक आकर्षक जगह है, जहां बड़े पैमाने पर दुनियाभर के टुरिस्ट पहुंचते हैं। इस देश में भी लोगों को इनकम टैक्स नहीं चुकाना पड़ता है।

Tags:    

Similar News