Tech Companies Layoffs: कोरोना महामारी में चांदी काटने वाली टेक कंपनियों में छा गई मंदी

Tech Companies Layoffs: बिग टेक में इस स्थिति का मुख्य कारण मांग में कमी है क्योंकि दुनिया कोरोना महामारी से बाहर आ रही है।

Written By :  Neel Mani Lal
Update:2022-11-16 10:59 IST

Tech Companies Layoffs (photo: social media )

Tech Companies Layoffs: मेटा, ट्विटर, अमेज़न ... ये चंद उदाहरण हैं जहां बड़े पैमाने पर नौकरियां जा रही हैं और नई भर्ती बन्द है। बिग टेक में मंदी के घनघोर काले बादल छाए हुए हैं। इस स्थिति ने घबराहट पैदा कर दी है। लोग अटकल लगाने लगे हैं कि अर्थव्यवस्थाएं चरमरा रही हैं। लेकिन सच्चाई कुछ और है। सच्चाई ये है कि कोरोना के बाद सामान्य स्थिति पैदा हो रही है और महामारी वाली डिमांड अब गायब होती जा रही है।

दरअसल, बिग टेक में इस स्थिति का मुख्य कारण मांग में कमी है क्योंकि दुनिया कोरोना महामारी से बाहर आ रही है। महामारी के चलते लगे लॉकडाउन ने लोगों को घर के अंदर रहने के लिए मजबूर किया था। इस वजह से लोग अधिक ऑनलाइन खरीदारी करने, सोशल मीडिया साइटों पर अधिक समय बिताने, अधिक स्ट्रीमिंग सामग्री का उपभोग करने और दूसरों के साथ गेम खेलने के लिए मजबूर थे। लेकिन अब ये सब मजबूरियां लगभग खत्म हो गई हैं।

यह उन टेक कंपनियों की संख्या में दिखना शुरू हुआ, जो पिछले कुछ वर्षों से तेजी की लहर की सवारी कर रही थीं और बढ़ी हुई मांग को बनाए रखने के लिए ढेरों लोगों को काम पर रखा था।

जैसे-जैसे लोग दफ्तरों में लौट गए हैं और बाहर की चीजों को फिर से खोजने लगे हैं, वैसे ही लोगों का ऑनलाइन प्लेटफार्मों से जुड़ाव कम होता जा रहा है। नतीजतन, इन प्लेटफार्मों का राजस्व घट रहा है और कामकाज मैनेज करने के लिए कम लोगों की आवश्यकता हो रही है। जिन कंपनियों ने सोचा था कि महामारी के चलते बदला हुआ यूजर बिहेवियर यूं ही आगे भी बना रहेगा, उनको समझ में आ रहा है कि ऐसा नहीं है।

इसके साथ-साथ ग्लोबल महंगाई और मंदी का खतरा मामले को बदतर बना रही है। पहले से ही कई बाजारों में गैर-आवश्यक उत्पादों की मांग प्रभावित हुई है। लोग गैर जरूरी चीजों की खरीद को टाल रहे हैं।

गिरती संख्या से प्रभावित फेसबुक की मूल कंपनी मेटा

सबसे महत्वपूर्ण छंटनी फेसबुक की मूल कंपनी मेटा से हुई है, जो विज्ञापन ट्रैकिंग नीतियों के साथ-साथ अपने प्लेटफॉर्म पर गिरती संख्या से प्रभावित है। मेटा ने पिछले सप्ताह 11,000 से अधिक कर्मचारियों को हटाया है। हालांकि, अधिक दिखाई देने वाली ट्रिमिंग, एलोन मस्क के माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म के अधिग्रहण के बाद, ट्विटर पर रही है। मस्क का दावा है कि प्लेटफॉर्म के बिजनेस मॉडल को युक्तिसंगत बनाने के लिए बर्खास्तगी की जरूरत है।

एप्पल ने छंटनी की घोषणा नहीं की है, लेकिन नई भर्ती को धीमा कर दिया है क्योंकि कम्पनी अपने उत्पादों और सेवाओं की मांग में गिरावट देख रही है। ताजा मामला अमेज़न का है जो दुनिया भर में "कॉर्पोरेट और प्रौद्योगिकी" में 10,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रहा है। अमेज़न के इतिहास में ये सबसे बड़ी छंटनी होगी।

महामारी के दौरान अमेज़न ने अपने बिजनेस में भारी उछाल देखा था। अमेज़ॅन ने अपनी सेवाओं की बढ़ती मांग को बनाए रखने के लिए अपने कर्मचारियों की संख्या को दोगुना कर दिया था। लेकिन 2022 में कम्पनी की वृद्धि दो दशकों में अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई।

Tags:    

Similar News