Banda News: नमामि गंगे परियोजना में काम कर रहे जेई की मौत, जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों को लगाई फटकार

Banda News: बांदा में नमामि गंगे परियोजना में काम कर रहे एक सिविल जेई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद कोई भी नमामि गंगे का अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

Update: 2023-04-27 11:23 GMT

Banda News: बांदा में नमामि गंगे परियोजना में काम कर रहे एक सिविल जेई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद कोई भी नमामि गंगे का अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों द्वारा निजी वाहन से जेई को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद पहुंचे। उन्होंने नमामि गंगे परियोजना के संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। घटना के बारे में परिजनों को सूचना दे दी गई है। जेई के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पानी टंकी निर्माण करा रहे थे, अचानक हुए बेहोश

घटना पैलानी थाना क्षेत्र के इछावर गांव की है। जहां सिकहुला गांव निवासी आदित्य कुमार पुत्र रघुराज जोकि जल निगम विभाग पर सिविल जेई पद पर कार्यरत थे, इछावर गांव में नमामि गंगे योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण करवा रहे थे। तभी अचानक यह मूर्छित अवस्था में गिर गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने ललित को देखते ही मृत घोषित कर दिया।

जलशक्ति राज्यमंत्री को अधिकारी मिले नदारद

घटना के बाद जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर नमामि गंगे परियोजना का कोई भी संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं मिला। जिसके बाद मंत्री बेहद गुस्से में ही दिखे। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को बुलाया और जमकर फटकार लगाई। बताया जा रहा है कि सिविल जेई जो कि संविदा पर काम कर रहा था, पानी की टंकी में खड़े होकर काम करा रहा था। उसी दौरान लापरवाही के चलते अचानक गिर गया और जिससे उसकी मौत हुई है। कहा जा रहा है कि नमामि गंगे परियोजना में कर्मचारियों की सेफ्टी का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह बड़ी घटना हुई है। जेई को बांदा तक लाने के लिए निजी वाहन किया गया था, मौके पर एंबुलेंस तक नहीं मिली थी। कोई भी संबंधित अधिकारी वहां मौजूद नहीं था।

Tags:    

Similar News