Bihar Accident: बिहार के रोहतास जिले में बड़ा सड़क हादसा, श्रद्धालुओं को ले जा रही पिकअप नदी में गिरी

Bihar Accident: पांच की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पिकअप में कुल 24 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें से कई अब भी लापता हैं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-02-17 05:55 GMT

Bihar Road Accident (photo: social media )

Bihar Accident: बिहार के रोहतास जिले से एक बड़े सड़क हादसे की खबर आई है। मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार यानी आज सुबह 6 बजे श्रद्धालुओं को ले जा रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि एक दर्जन घायल हुए हैं। जिनमें से पांच की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पिकअप में कुल 24 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें से कई अब भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है।

गुप्ताधाम जा रहे थे सभी श्रद्धालु

महाशिवरात्रि के मौके पर पिकअप में सवार सभी श्रद्धालु प्रसिद्ध गुप्तधाम मंदिर जल चढ़ाने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि गायघाट की पहाड़ी के पास अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर 20 फीट नीचे दुर्गावती नदीं में गिर गई। पिकअप में सवार सभी लोग काराकाट थाना क्षेत्र के थे। नदी में पिकअप के गिरने के बाद स्थानीय लोग फौरन घटनास्थल की ओर भागे। इस दौरान स्थानीय पुलिस थाने को भी हादसे की जानकारी दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। नदी से लोगों को निकाला गया और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। कुछ लोगों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से जख्मी श्रद्धालुओं को सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया गया है। हादसे के पीड़ित लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 12 लोग घायल हैं। तीनों शव निकाले जा चुके हैं। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के लिए तीनों डेड बॉडी को सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है। शवों की पहचान के बाद संबंधित परिवारों को सूचित कर दिया जाएगा। बता दें कि कैमूर की पहाड़ियों में बसा गुप्ताधाम शिवभक्तों के बीच काफी लोकप्रिय है। ऐतिहासिक महत्व वाले इस धार्मिक स्थल पर आसपास के पांच राज्यों से लोग पहुंचते हैं। हरसाल यहां महाशिवरात्रि के मौके पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है।

Tags:    

Similar News