Bihar News Today: कल शाम किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली से सिंगापुर रवाना होंगे लालू, राबड़ी और मीसा भी होंगी साथ

Bihar News Today: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 25 नवंबर की शाम सिंगापुर रवाना हो रहे हैं। कोर्ट के आदेश पर वह एक बार फिर से अपना इलाज करवाने सिंगापुर जा रहे हैं।

Newstrack :  Network
Update: 2022-11-24 15:05 GMT

किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली से सिंगापुर रवाना होंगे लालू प्रसाद यादव

Bihar News Today: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (RJD supremo Lalu Prasad Yadav) 25 नवंबर की शाम सिंगापुर रवाना हो रहे हैं। कोर्ट के आदेश पर वह एक बार फिर से अपना इलाज करवाने सिंगापुर जा रहे हैं। वहां वह अपना किडनी ट्रांसप्लांट करवाएंगे। लालू प्रसाद को उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने किडनी देने की बात कही है। इस बार लालू प्रसाद के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी और उनकी बड़ी बेटी निशा भारती भी सिंगापुर जा रही हैं।

कुछ समय पहले भी सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट करवाने गए थे लालू प्रसाद

सिंगापुर में लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य रहती है। लालू प्रसाद उन्हीं के घर में रहकर अपना किडनी का इलाज करवाएंगे। बता दें कि कुछ समय पहले भी लालू प्रसाद सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट करवाने गए थे। लेकिन जांच में समय लगने के कारण प्रारंभिक जांच और इलाज के बाद वे वापस स्वदेश लौट गए थे। अब जब कई तरह के जांच से लालू प्रसाद गुजर गए। इसके बाद फाइनल हुआ कि वह 25 नवंबर की शाम सिंगापुर जा रहे हैं। बता दें कि लालू प्रसाद किडनी के अलावा अन्य कई रोगों से पीड़ित हैं। वहीं राजद के समर्थक उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। इधर, लालू प्रसाद के सिंगापुर जाने से पहले राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे चर्चाएं भी थम चुकी है।

जगदानंद सिंह को बनाया गया पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष

पार्टी सूत्रों से जानकारी मिली है कि लालू प्रसाद ने एक बार फिर से जगदानंद सिंह को ही प्रदेश अध्यक्ष पद पर बने रहने को कहा है। राजद की ओर से चुनाव आयोग को जो जानकारी दी गई है। उसमें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को ही बनाया गया है। वहीं इससे पहले राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने भी साफ कर दिया था कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ही हैं और वे ही इस पद पर बने रहेंगे।

2 अक्टूबर के बाद से राजद कार्यालय नहीं गए हैं जगदानंद सिंह

बता दें कि जगदानंद सिंह 2 अक्टूबर के बाद से राजद कार्यालय नहीं गए हैं। माना जा रहा कि उनके बेटे द्वारा कृषि मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद वह पार्टी से नाराज चल रहे हैं। इसीलिए पार्टी से दूरी बनाकर वह गांव चले गए हैं हालांकि, इस विषय पर जगदानंद सिंह की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Tags:    

Similar News