Rajnath Singh News: अब तक रक्षा उद्योगों के लिए 550 लाइसेंस निर्गत किये गये, बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
Rajnath Singh News: उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर में निवेश प्रोत्साहन हेतु आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि देश के उद्यमियों में भारत को शीघ्र आत्मनिर्भर बनाने की क्षमता है।;
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)
Rajnath Singh News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने कहा कि केन्द्र सरकार रक्षा उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी पारदर्शिता और तेजी के साथ कार्य कर रही है। अब तक रक्षा उद्योगों के लिए 550 लाइसेंस निर्गत किये गये हैं। इनमें से 200 लाइसेंस वर्ष 2000 से वर्ष 2014 के मध्य जारी किये गये। जबकि 7 वर्षाें में 350 लाइसेंस निर्गत किये गये। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में एंकर इण्डस्ट्री को प्रोत्साहित करने के लिए भी योजना बनायी जा रही है।
उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर (Uttar Pradesh Defense Industrial Corridor) में निवेश प्रोत्साहन हेतु आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि देश के उद्यमियों में भारत को शीघ्र आत्मनिर्भर बनाने की क्षमता है। केन्द्र सरकार रक्षा उद्योग की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। रक्षा उद्योग को प्रोत्साहित करने के सम्बन्ध में शीघ्र ही केन्द्र प्रायोजित योजना लायी जाएगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में एफडीआई के लिए प्रभावी व्यवस्था की गयी है।
रक्षा उद्योग में प्राईवेट रूट से 74 प्रतिशत तथा गवर्नमेंट रूट से 100 प्रतिशत एफडीआई की व्यवस्था है। स्वदेशी रक्षा उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए डोमेस्टिक प्रोक्योरमेंट की व्यवस्था भी की गयी है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के रक्षा उद्योगों के सहयोग से देश इम्पोर्ट से एक्सपोर्ट की राह पर बढ़ चला है। देश के रक्षा एक्सपोर्ट में 300 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब अपनी आबादी और आकार के अनुरूप बड़े आयोजन करता है। वर्ष 2020 के प्रारम्भ में प्रदेश ने पार्टनर स्टेट के रूप में राज्य की राजधानी लखनऊ में डिफेंस एक्सपो-2020 का आयोजन किया गया। यह एक सफल आयोजन था। विषय विशेषज्ञ डिफेंस एक्सपो-2020 को अब तक का सफलतम आयोजन मानते हैं। इसमें 70 देशों ने प्रतिभाग किया।
857 भारतीय तथा 172 विदेशी कम्पनियों सहित 01 हजार से अधिक कम्पनियों ने इसमें प्रदर्शनी लगायी। योगी ने कहा कि प्रदेश में डिफेंस सेक्टर से सम्बन्धित एचएएल, ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियां, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड आदि इकाइयां पहले से कार्यरत हैं। शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी कानपुर, आईआईटी बीएचयू सहित चार अन्य टेक्निकल विश्वविद्यालय मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2018 में यूपी इन्वेस्टर्स समिट के शुभारम्भ अवसर पर प्रदेश में डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर की घोषणा की। प्रदेश सरकार ने इस डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर में डीआरडीओ द्वारा ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण तथा भारत डायनमिक्स लिमिटेड की परियोजनाओं को सहमति दी है। इसके लिए रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इन परियोजनाओं के भूमि की व्यवस्था कर दी है। यह परियोजनाएं प्रदेश में रक्षा उत्पादन क्षेत्र की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी लीड्स-2021 (लॉजिस्टिक्स ईज़ अक्रॉस डिफरेंट स्टेट्स) रैंकिंग में प्रदेश ने 7 स्थानों का सुधार किया है। यह रिपोर्ट लॉजिस्टिक्स सेवाओं अर्थात कारोबारी लागत को घटाने के लिए अवस्थापना, संचार, भण्डारण तथा परिवहन सुविधाओं के विकास को लेकर राज्यों द्वारा उठाए गए कदमों का आकलन करते हुए तैयार की जाती है। राज्य सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप अब उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश औद्योगिक विकास की नई गाथा लिख रहा है। राज्य सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास ने राज्य में औद्योगिक विकास का वातावरण सृजित किया है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश में निवेश का सबसे आकर्षक गंतव्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने डिफेंस एक्सपो-2020 का सफलतम आयोजन किया। अवसर मिलने पर सबसे अच्छा राज्य एयर-शो भी आयोजित करेगा।