Up Election 2022: यूपी के सियासी रण में अब महबूबा मुफ्ती की एंट्री, कहा- भाजपा से छुटकारा मिला तो 1947 से ही बड़ी आजादी हासिल होगी

Up Election 2022: महबूबा मुफ्ती (Mehbooba Mufti Statement) ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार भाजपा से छुटकारा पाना 1947 से बड़ी आजादी होगी।

Report :  Anshuman Tiwari
Published By :  Ragini Sinha
Update: 2022-01-18 09:19 GMT

Up Election 2022 :यूपी के सियासी रण में अब महबूबा मुफ्ती की एंट्री (Social Media)

Up Election 2022 : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अब जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की मुखिया महबूबा मुफ्ती की भी एंट्री हो गई है। हाल के दिनों में भाजपा पर तीखे हमले बोलने वाली महबूबा ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार भाजपा से छुटकारा पाना 1947 से बड़ी आजादी होगी। उन्होंने कहा कि मैं यह बात इसलिए कर रही हूं क्योंकि ये लोग देश को बांटना चाहते हैं। महबूबा ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश का चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है और इसी कारण पार्टी को अब बाबर और औरंगजेब भी याद आने लगे हैं। 

370 हटाए जाने के बाद भाजपा बेहद नाराज

जम्मू-कश्मीर में भाजपा महबूबा की पार्टी पीडीपी के साथ मिलकर सरकार भी बना चुकी है मगर बाद में पार्टी ने मतभेद के कारण समर्थन वापस ले लिया था। दोनों पार्टियों की राहें जुदा होने के बाद महबूबा लगातार भाजपा पर हमले बोलती रही हैं। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद वे भाजपा से ज्यादा नाराज हैं और अब उन्होंने उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भी बड़ी टिप्पणी की है।

देश को बांटना चाहती है भाजपा 

पीडीपी के ट्राइबल यूथ सम्मेलन सम्मेलन को संबोधित करते हुए महबूबा ने कहा कि भाजपा नेता एक बार फिर देश का बंटवारा करना चाहते हैं। उनकी ओर से विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं मगर उन्होंने अगर सही मायने में विकास किया है तो उन्हें उत्तर प्रदेश में यह दिखाना चाहिए। चुनाव के वक्त भाजपा के लोग बाबर और औरंगजेब की चर्चा करने लगते हैं। बाबर और औरंगजेब की चर्चा से ही समझ जाना चाहिए कि इन लोगों के पास ही यूपी के लोगों को देने और दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है। अगर भाजपा के लोगों ने कुछ किया होता तो गरीबी मिट गई होती, देश में अस्पताल होते, लोग बेरोजगार न होते हैं और गंगा में लाशों को बहाने की जरूरत नहीं पड़ती। 

महबूबा ने कहा कि 1947 में देश के लोगों को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्ति पाने का मौका मिला था और आज हमें फिर बीजेपी से जान छुड़ाने का मौका मिला है। यह 1947 की आजादी से भी बड़ी आजादी होगी क्योंकि ये लोग देश को कई टुकड़ों में विभाजित करना चाहते हैं। भाजपा पर तीखा हमला करते हुए महबूबा ने कहा कि यह पार्टी हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई सभी धर्मों के लोगों को बांटना चाहती है।

खामोश बने रहे तो कुछ भी नहीं मिलेगा 

महबूबा ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए भाजपा यूपी में मंदिर-मस्जिद का मुद्दा उछालती है। लोगों को गुजरात और 1984 के दंगों की याद दिलाई जाती है। ईडी और अन्य सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करके दूसरे लोगों को परेशान किया जाता है। ये लोग विकास की बात कभी नहीं करते। इसलिए लोगों को जागना होगा। अगर हम सभी खामोश बने रहे तो कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है।

महबूबा ने कहा कि भाजपा के खिलाफ सभी लोगों को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा के इशारे पर प्रशासन की ओर से एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। भाजपा नेताओं के अवैध निर्माण पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है जबकि गरीबों के मकान तोड़ने में प्रशासन मिनट भर की देरी नहीं कर रहा है। उन्होंने युवाओं से भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की अपील की।

Taza khabar aaj ki uttar pradesh 2022, ताजा खबर आज की उत्तर प्रदेश 2022

Tags:    

Similar News