तांत्रिक पर 7 महीने तक दुष्कर्म करने का आरोप, इलाज के बहाने करता रहा रेप

Update: 2018-10-21 12:29 GMT
प्रतीकात्मक फोटो

हापुड़: अगर आप किसी तांत्रिक के पास अपनी बच्ची का इलाज कराने जाते है तो इस खबर को जरूर पढ़ें। ये खबर सावधान कर देने वाली है। क्योंकि तांत्रिक इस तरह की घटना को भी अंजाम दे सकते हैं। एक तांत्रिक पर 7 महीने तक बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है।

बीमारी का इलाज करने का दिया झांसा

यूपी के जनपद हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव में पुत्री की बीमारी से परेशान एक परिवार को तांत्रिक ने अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद तांत्रिक ने बीमार पुत्री को अपने वश में कर उसके साथ सात माह तक दुष्कर्म किया। किसी प्रकार किशोरी ने अपने परिजनों को इस बात की जानकारी दी। तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाई। मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने पर उन्होंने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। रविवार को परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।

नाबालिग के साथ हुई घटना

जानकारी के अनुसार थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री कुछ समय से काफी बीमार चल रही थी। उसका चिकित्सकों से काफी इलाज कराया गया, लेकिन सेहत में कोई सुधार नहीं हो सका। इसी दौरान उनकी मुलाकात गांव के ही रहने वाले एक तांत्रिक से संपर्क किया। तांत्रिक ने उनकी पुत्री को पूरी तरह से ठीक करने की बात कही और घर पर आना-जाना शुरू कर दिया। पीड़ित परिवार पर भरोसा बनाकर तांत्रिक उनकी पुत्री को घर से बाहर भी ले जाने लगा। आरोप है कि तांत्रिक ने उनकी पुत्री को अपने वश में कर लिया और उसके साथ पिछले सात महीनों से दुष्कर्म करता आ रहा है। इस वारदात के बाद उसकी पुत्री काफी सहमी-सहमी सी रहने लगी। जब उसने पुत्री से इस बारे में जानकारी की तो पुत्री ने पूरी घटना की जानकारी दी। इस घटना का मामला पंजीकृत कराने के लिए वह थाने भी गई, लेकिन पुलिस ने मामला पंजीकृत नहीं किया। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को घटना की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है। बाबूगढ़ एसएचओ को मामला पंजीकृत करने के आदेश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपित तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News