Salman Khan: सलमान खान के खिलाफ दर्ज केस में बॉम्बे हाई कोर्ट का बड़ा फैसला

Salman Khan: एक्टर सलमान इन दिनों काफी चर्चा में है। एक तरफ जहां वह अपनी फिल्म को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ उन्हें बार-बार धमकियां मिल रही हैं और अब सलमान खान के खिलाफ दर्ज केस में बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाया है।

Update: 2023-04-12 10:26 GMT
Salman Khan (Image Credit: Instagram)

Salman Khan: बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान जितना अपनी फिल्मों के लिए जाने-जाते हैं, उतना ही उनका नाम आए दिन किसी न किसी केस में फंसता रहता है। ऐसा ही एक केस साल 2019 का है, जिस पर अब बॉम्बे हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। दरअसल, सलमान खान के खिलाफ साल 2019 में पत्रकार अशोक पांडे ने उन्हें डराने धमकाने की शिकायत दर्ज कराते हुए केस दायर किया था, जिसे बॉम्बे हाई कोर्ट ने रद्द करने का आदेश दिया है।

सलमान के खिलाफ दर्ज केस में HC का बड़ा फैसला

दरअसल, न्यायमूर्ति भारती डांगरे ने 30 मार्च को सलमान खान और उनके बॉडीगार्ड नवाज शेख द्वारा दायर आवेदनों को स्वीकार कर लिया था, जिसके बाद अब निचली अदालत द्वारा जारी की गई कार्यवाही और समन को रद्द कर दिया गया है। इस मामले में फैसला सुनाते हुए कहा गया कि न्यायिक प्रक्रिया का केवल इसलिए अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए कि आरोपी एक प्रसिद्ध हस्ती है और कानून की प्रक्रिया का पालन किए बिना उसे एक शिकायतकर्ता के हाथों अनावश्यक उत्पीड़न के अधीन नहीं किया जाएगा, जिसने अपने प्रतिशोध को संतुष्ट करने के लिए मशीनरी को गति दी और यह मान लिया कि सीने स्टार ने उसका अपमान किया है।

मामले में न्यायाधीश ने क्या कहा?

न्यायाधीश ने कहा कि यह एक उपयुक्त मामला था, जहां सलमान खान और उनके बॉडीगार्ड शेख के खिलाफ प्रक्रिया जारी करना और कार्यवाही जारी रखना प्रक्रिया के दुरुपयोग से कम नहीं है। सही न्याय करने के लिए मैं विवादित आदेश को रद्द करना उचित समझती हूं। आवेदकों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई को जारी रखने का परिणाम घोर अन्याय होगा। मजिस्ट्रेट को शिकायतकर्ता के आरोपों को सत्यापित करने के लिए पहले उसका बयान दर्ज कराना चाहिए था।

क्या है यह पूरा मामला

दरअसल, हुआ यूं था कि निचली अदालत ने मार्च 2022 में सलमान खान और उनके बॉडीगार्ड शेख को समन जारी किया था। यह आदेश पत्रकार अशोक पांडे की दायर शिकायत के आधार पर पारित की गई थी, जिसमें पत्रकार ने यह आरोप लगाया था कि सलमान खान ने अप्रैल 2019 में मुंबई की सड़को पर साइकिल चलाते हुए उनका फोन छीन लिया था। सलमान खान ने ऐसा तब किया जब मीडिया से जुड़े कुछ लोगों ने उनकी तस्वीर खींचनी चाही थी। पत्रकार के अनुसार, सलमान खान के बॉडीगार्ड ने पत्रकार के साथ बहस, मारपीट और उसे जान से मारने की धमकी थी।

Tags:    

Similar News