Swine Flu In India: भारत में स्वाइन फ्लू के मामलों में हुई वृद्धि, सुरक्षित रहने के लिए अपनाएं ये 5 उपाय

Swine Flu Kya Hai: स्वाइन फ्लू से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 3,141 केस दर्ज किए जा चुके हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी केस सामने आए हैं।;

Written By :  Shreya
Update:2025-03-03 16:48 IST

Swine Flu In India (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Swine Flu Outbreak In India: भारत में एक बार फिर स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिसंबर 2024 तक भारत में स्वाइन फ्लू से 20,414 लोग संक्रमित थे (सरकारी आंकड़ों के मुताबिक) और इस बीमारी से 347 लोगों की मौत हो चुकी है। अब इससे संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वाइन फ्लू के 3,141 केस दर्ज किए जा चुके हैं। इसके अलावा केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और राजस्थान में भी क्रमश: 2,846, 2,027, 1,711, 1,777 और 1,149 स्वाइन फ्लू के मामले में मिले हैं।

वहीं, मौतों के मामले में, महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू से सबसे अधिक 71 लोगों की मौत हुई हैं। जबकि केरल में 61, गुजरात में 55, पंजाब में 48, छत्तीसगढ़ में 43 और हरियाणा में कुल 26 मौतें हो चुकी हैं। बता दें सरकार ने संक्रमित लोगों के इलाज के लिए राज्य के सरकारी हॉस्पिटल में विशेष आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की है। साथ ही स्थिति पर बहुत बारीकी से नजर रखी जा रही है।

आइए जानते हैं क्या है स्वाइन फ्लू, इसके लक्षण क्या हैं और इसका इलाज कैसे किया जाता है।

स्वाइन फ्लू क्या है (Swine Flu Kya Hai In Hindi)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Medical news today की रिपोर्ट के मुताबिक, H1N1, जिसे स्वाइन फ्लू के नाम से भी जाना जाता है, सूअरों और मनुष्यों दोनों को प्रभावित कर सकता है। स्वाइन फ्लू एक श्वसन रोग है जो इन्फ्लूएंजा ए वायरस से उत्पन्न होता है। इससे फ्लू जैसे लक्षण हो सकते हैं, जो कुछ मामलों में गंभीर हो सकते हैं।

स्वाइन फ्लू के लक्षण (Swine Flu Symptoms)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

स्वाइन फ्लू के लक्षण, व्यक्ति के वायरस के संपर्क में आने के 1 से 3 दिनों के अंदर दिखाई दे सकते हैं। इसके लक्षण आम फ्लू के प्रकार ही होते हैं। इनमें शामिल हैं:-

1- शरीर में दर्द

2- ठंड लगना

3- खाँसी

4- सिरदर्द

5- गला खराब होना

6- बुखार

7- थकान

8- उल्टी और दस्त।

किन लोगों के संक्रमित होने का रहता है ज्यादा खतरा?

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, स्वाइन फ्लू से छोटे बच्चों, वृद्ध लोगों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों के संक्रमित होने का जोखिम अधिक हो सकता है।

क्या स्वाइन फ्लू खतरनाक है?

रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर मामलों में, श्वसन विफलता (Respiratory Failure) और मृत्यु हो सकती है, लेकिन ऐसा दुर्लभ होता है। अधिकांश लोगों के लक्षण अपेक्षाकृत हल्के होते हैं।

स्वाइन फ्लू का इलाज कैसे किया जाता है (Swine Flu Treatment In Hindi)?

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए एंटी वायरल दवा उपलब्ध है। इससे घबराने की जरुरत नहीं है, लेकिन सभी को सतर्कता बरतनी चाहिए। दवा के अलावा आराम करना, तरल पदार्थ पीना, हल्का आहार लेना और घर पर रहना बीमारी से रिकवर होने में मदद कर सकता है। इससे संक्रमित अधिकतर मरीज 5-7 दिनों में रिकवर कर लेते हैं। हालांकि कुछ मरीजों को ठीक होने के लिए 10-15 दिन का समय भी लग सकता है।

स्वाइन फ्लू से बचाव के उपाय (Swine Flu Prevention Tips In Hindi)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

फ्लू से बचने के लिए आप वैक्सीन लगवा सकते हैं। इसके अलावा स्वाइन फ्लू से बचने के लिए कई अन्य तरह के उपाय आजमा सकते हैं, जैसे कि:-

1- सर्दी-जुकाम के लक्षण दिखने पर अलग कमरे में रहें।

2- अगर सर्दी-जुकाम और बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी हो रही है तो तुरंत डॉक्टर से चेकअप करवाएं।

3- भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से पहले मास्क का इस्तेमाल जरूर करें।

4- खानपान का विशेष ख्याल रखें।

5- ठंडी चीजें खाने से परहेज करें और पानी को हल्का गुनगुना करके पिएं।

नोट- यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है। इन उपायों व सुझावों पर अमल करने से पहले संबंधित डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।

Tags:    

Similar News