Anju Nasrullah Love Story: नसरूल्लाह ने अंजू पर झूठ बोलने का लगाया आरोप, भारत लौटने पर भी किया बड़ा खुलासा

Anju-Nasrullah Love Story: अंजू के भारत लौटने के अटकलों पर भी नसरूल्लाह ने बड़ा खुलासा किया है। नसरूल्लाह ने बताया कि नवंबर अंत तक अंजू भारत लौट जाएंगी।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update:2023-11-28 15:06 IST

Anju-Nasrullah Love Story  (photo: social media )

Anju-Nasrullah Love Story: इस साल जुलाई में अपने पति और बच्चों को अकेला छोड़कर गुपचुप तरीके से पाकिस्तान गई भारतीय महिला अंजू खबरों में बनी हुई हैं। दो बच्चों की मां अंजू अपने पाकिस्तानी प्रेमी नसरूल्लाह से निकाह कर चुकी हैं। अपने नए पति के साथ उनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। इस बीच नसरूल्लाह ने अंजू पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।

नसरूल्लाह ने एक पाकिस्तानी यूट्यूबर से चर्चा के दौरान कहा कि जब मेरी अंजू से बात शुरू हुई थी, तब उसने मुझे बताया था कि उनका एक चार साल का बेटा है। इस दौरान उन्होंने अपनी बड़ी बेटी के बारे में कुछ नहीं बताया था। हालांकि, एक साल बाद अंजू ने मुझे बता दिया कि उनकी एक 15 साल की बेटी भी है। नसरूल्लाह ने बताया कि अंजू ने मुझसे ये झूठ सिर्फ इसलिए बोला था कि कहीं मैं उनसे दूर न हो जाऊं। मगर इस सच्चाई को जानने के बाद भी मेरा प्यार उनके लिए कम नहीं हुआ।

कब तक भारत लौटेंगी अंजू ?

अंजू के भारत लौटने के अटकलों पर भी नसरूल्लाह ने बड़ा खुलासा किया है। नसरूल्लाह ने बताया कि नवंबर अंत तक अंजू भारत लौट जाएंगी। वीजा प्रक्रिया में देरी के कारण अब तक उनका लौटना नहीं हो पा रहा था। लेकिन अब काम पूरा हो चुका है, मैं खुद उन्हें छोड़ने के लिए वाघा सीमा तक जाऊंगा। नसरूल्लाह ने भारत में अंजू की सुरक्षा को लेकर फिक्र भी जाहिर की।

बकौल नसरूल्लाह अंजू को अपने दोनों बच्चों की याद आ रही है। उन्हीं से मिलने वह भारत जा रही हैं। बच्चों से मिलकर वह वापस पाकिस्तान लौट आएंगी। इससे पहले नसरूल्लाह ने अक्टूबर के आखिरी में अंजू के भारत जाने की बात कही थी। ऐसे में अंजू के भारत आने के उसके ताजा बयान पर कितना भरोसा किया जा सकता है, ये बताना मुश्किल है।


ईसाई से मुस्लिम बन चुकी हैं अंजू

भारत में रह रहा अंजू का परिवार ईसाई धर्म को मानता है। 34 वर्षीय अंजू ने अपने 29 वर्षीय प्रेमी नसरूल्लाह के साथ निकाह करने के लिए अपना मजहब और नाम दोनों बदल लिया। पाक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईसाई से मुसलमान बनीं अंजू का नया नाम फातिमा है। अंजू जिस वीजा के तहत पाकिस्तान गई थीं, उसके मुताबिक उन्हें 21 अगस्त तक भारत लौट आना था लेकिन उसने अब वहीं अपनी दुनिया बसा ली है।



Tags:    

Similar News