Yogi Model: अब हिमाचल के एक और मंत्री ने किया योगी मॉडल का गुणगान, शिक्षा मंत्री ने दी यूपी के कामकाज से सीख लेने की सलाह

Yogi Model: शिक्षा मंत्री से पहले हिमाचल सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह का बयान भी सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना था। उन्होंने दुकानों पर पहचान लिखने के लिए नियम बनाने की बात कही थी और इस बाबत उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण भी दिया था।

Report :  Anshuman Tiwari
Update:2024-10-04 16:49 IST

Yogi Model

Yogi Model: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों कांग्रेस शासित राज्य हिमाचल प्रदेश में खूब चर्चाओं में बने हुए हैं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने भी उत्तर प्रदेश के योगी मॉडल की तारीफ की है और उनका बयान खूब वायरल हो रहा है।रोहित ठाकुर का कहना है कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम हुआ है और हिमाचल प्रदेश को उससे सीख लेनी चाहिए। रोहित ठाकुर पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश की टीम के साथ लखनऊ पहुंचे थे और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी।

विक्रमादित्य के बयान पर हो चुका है बवाल

शिक्षा मंत्री से पहले हिमाचल सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह का बयान भी सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना था। उन्होंने दुकानों पर पहचान लिखने के लिए नियम बनाने की बात कही थी और इस बाबत उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण भी दिया था। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस में खलबली मच गई थी और पार्टी हाईकमान ने उन्हें दिल्ली तलब कर लिया था।कांग्रेस हाईकमान ने इस बयान के लिए विक्रमादित्य सिंह को जमकर फटकार भी लगाई थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी कहना था कि इस बाबत कोई फैसला नहीं लिया गया है। सियासी गलियारों में इस प्रकरण की खूब चर्चा हुई थी।

उत्तर प्रदेश से सीख लेने पर दिया जोर

अब हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का एक बयान भी चर्चा का विषय बना हुआ है। शिक्षा मंत्री ठाकुर ने आज अपने विभाग की एक बैठक बुलाई थी जिसमें उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुए अच्छे कामकाज की चर्चा की गई। बाद में मीडिया से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा प्रदेश और शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रदेश ने अच्छा काम किया है। उसकी जो अच्छी चीजें हैं,उसे हिमाचल प्रदेश में कैसे लागू किया जाए,हमने इस मुद्दे पर चर्चा की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ से हमने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कामों पर चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि विभाग की बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश में भी उसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम करने पर चर्चा की गई है।

शिक्षा मंत्री ने की थी सीएम योगी से मुलाकात

हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पिछले महीने के अंत में उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे थे। उनकी अगुवाई में लखनऊ पहुंची टीम ने शिक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जानकारी हासिल की थी। हिमाचल प्रदेश के टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की थी और उनसे सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की थी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिमाचल प्रदेश की टीम को कम कंपोजिट विद्यालय और ऑपरेशन कायाकल्प समेत अन्य योजनाओं की जानकारी दी थी। अब हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने इस मॉडल की चर्चा करते हुए हिमाचल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में भी बेहतरी लाने पर जोर दिया है।

Tags:    

Similar News