Hindenburg Report: BJP ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को देश के खिलाफ साजिश बताया, कांग्रेस भी भारत विरोधी टूलकिट का हिस्सा

Hindenburg Report: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज प्रेस कांफ्रेंस करके हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को देश के खिलाफ साजिश बताया।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-08-12 08:11 GMT

रविशंकर प्रसाद   (photo: social media ) 

Hindenburg Report: अमेरिकी शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग की सेबी चीफ माधबी पुरी बुच और अडानी ग्रुप के खिलाफ नई रिपोर्ट को लेकर पूरे देश में हंगामा मचा हुआ है। सेबी चीफ ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है और इसे अपने चरित्र हनन की कोशिश बताया है। विपक्षी दलों की ओर से इस रिपोर्ट को लेकर सरकार को घेरा जा रहा है मगर इस बीच भाजपा भी इस विवाद में कूद पड़ी है और विपक्ष पर हमला बोला है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज प्रेस कांफ्रेंस करके हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को देश के खिलाफ साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस रिपोर्ट के जरिए देश के शेयर मार्केट को गिराने की साजिश रची गई है। उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट शनिवार को रिलीज होती है, रविवार को हल्ला मचता है ताकि सोमवार को पूरे कैपिटल मार्केट को अस्थिर कर दिया जाए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हिंडनबर्ग के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि टूलकिट वालों को देश से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस भी भारत विरोधी टूलकिट का हिस्सा बन गई है।

भारतीय शेयर बाजार गिराने की साजिश

उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पूरी तरह निराधार है और इस अमेरिकी कंपनी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने के लिए उनके खिलाफ एजेंडा चलाया जा रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि हिंडनबर्ग वाले भारत विरोधी मुहिम चलाते हैं और उन्होंने भारतीय शेयर बाजार को क्रैश करने की साजिश रची है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए।

कांग्रेस पर निशान साधते हुए उन्होंने कहा कि आखिरकार कांग्रेस चाहती क्या है? हमें उम्मीद थी कि तीसरी बार सत्ता खोने के बाद कांग्रेस वाले टूलकिट का इस्तेमाल नहीं करेंगे मगर चुनाव हारने के बाद कांग्रेस पार्टी देश में आर्थिक अराजकता फैलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में लगाए गए सभी आरोपों का सेबी चीफ की ओर से जवाब दिया जा चुका है।

भारत विरोधी टूलकिट गैंग सक्रिय

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने हिंडनबर्ग की पिछली रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उस समय सुप्रीम कोर्ट की ओर से फैसला सुनाया गया था। अमेरिकी कंपनी को सुप्रीम कोर्ट की ओर से नोटिस भी भेजी गई थी मगर इस नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया। अब इस अमेरिकी फर्म की ओर से एक बार फिर आधारहीन आरोप लगाया गया है।

रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि भारत विरोधी एजेंडा चलने वाले अमेरिकी बिजनेसमैन जॉर्ज सोरोस हिंडनबर्ग में मुख्य निवेशक हैं। यह भारत विरोधी टूलकिट गैंग है और एक साजिश के तहत भारत की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह शेयर बाजार को गिराने की साजिश के सिवा कुछ नहीं है।

देश में आर्थिक निवेश रोकने की साजिश

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मंशा भारत में होने वाले आर्थिक निवेश को रोकने की है। कांग्रेस भारत को कमजोर बनाना चाहती है और पार्टी की मंशा भारत को आर्थिक चोट पहुंचाने की है। कांग्रेस हिंडनबर्ग के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि टूलकिट वालों को देश से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस की ओर से चाहे जितनी भी कोशिश कर ली जाए मगर हम भारत को कमजोर नहीं होने देंगे।

राहुल गांधी को बताया देश का दुश्मन

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी को देश का दुश्मन तक बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी शुरू से भ्रम फैलाने का काम करते हैं। कोई देश का दुश्मन ही देश के खिलाफ अफवाह फैलाने का काम करेगा।

राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश देश को बदनाम करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। कुछ लोग देशद्रोही की तरह काम कर रहे हैं और इसलिए हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के मामले में कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Tags:    

Similar News