MP Election Result: मध्य प्रदेश में BJP की बड़ी जीत के बावजूद कई दिग्गज हार गए चुनाव, केंद्रीय मंत्री और सांसद को भी लगा झटका

MP Election Result: मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है मगर कई दिग्गजों को हार का भी सामना करना पड़ा है। मध्य प्रदेश की चुनावी बाजी जीतने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने जिन तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को चुनावी अखाड़े में उतारा था, उनमें से दो को हार का सामना करना पड़ा है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-12-03 16:49 GMT

मध्य प्रदेश में BJP की बड़ी जीत के बावजूद कई दिग्गज हार गए चुनाव, केंद्रीय मंत्री और सांसद को भी लगा झटका: Photo- Social Media

MP Election Result: मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है मगर कई दिग्गजों को हार का भी सामना करना पड़ा है। मध्य प्रदेश की चुनावी बाजी जीतने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने जिन तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को चुनावी अखाड़े में उतारा था, उनमें से दो को हार का सामना करना पड़ा है। मध्य प्रदेश की निवास विधानसभा सीट से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते चुनाव हार गए हैं। सतना सीट से सांसद गणेश सिंह को भी हार का सामना करना पड़ा है।

मध्य प्रदेश के गृहमंत्री और राज्य के चर्चित नेताओं में शुमार नरोत्तम मिश्रा को भी दतिया सीट से चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। शिवराज कैबिनेट के कई महत्वपूर्ण चेहरे भी चुनावी बाजी हार गए हैं। इनमें कृषि मंत्री कमल पटेल, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह, मंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा और मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया शामिल है। भाजपा की बड़ी चुनावी जीत के बावजूद इन दिग्गजों की हार को बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।

कैसा रहा दिग्गजों का प्रदर्शन

-भाजपा का बड़ा चेहरा माने जाने वाले केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को निवास विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी चैन सिंह वरकड़े ने साढ़े नौ हजार से अधिक वोटों से हरा दिया है।

-इसी तरह सतना विधानसभा सीट पर भाजपा सांसद गणेश सिंह को भी हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा ने 4,000 से अधिक मतों से हराया।

- केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर दिमनी विधानसभा सीट से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने बसपा प्रत्याशी बलवीर दंडोतिया को हराया। इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र तोमर तीसरे नंबर पर रहे।

- जबलपुर पश्चिम विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी सांसद राकेश सिंह ने चुनावी जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी तरुण भनोत को 3435 मतों से हराया।

- केंद्रीय मंत्री और सीएम पद के दावेदार माने जा रहे प्रह्लाद पटेल ने नरसिंहपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी लखन सिंह पटेल को 32,095 मतों से हराया।

- भाजपा के दिग्गज नेता और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर-1 विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला को 57,719 वोटों से हराया।

- सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने गाडरवाडा विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता पटेल को 56,789 मतों से हराया।

- दतिया विधानसभा सीट पर भाजपा को बड़ा झटका लगा है क्योंकि भाजपा के दिग्गज नेता और राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा इस सीट पर चुनाव हार गए हैं। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती ने 8774 मतों से हरा दिया है।

- हरदा विधानसभा सीट से राज्य के मंत्री कमल पटेल को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर आरके दोगने ने 870 मतों से हराया।

- सीधी विधानसभा सीट से भाजपा सांसद रीति पाठक चुनाव जीतने में कामयाब रही हैं। उनकी विधानसभा सीट पर भी सबकी निगाहें लगी हुई थीं।

- बमोरी विधानसभा सीट पर शिवराज सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी ऋषि अग्रवाल ने 14,000 से अधिक वोटो से हराया।

Tags:    

Similar News