Rajya Sabha by-election: राज्यसभा की 10 सीटों पर उपचुनाव, इन राज्यों में दिलचस्प हो सकता है मुकाबला

Rajya Sabha by-election: असम, बिहार और महाराष्ट्र में दो-दो, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और त्रिपुरा में एक-एक सीट खाली हुईं हैं। हरियाणा में एनडीए और इंडिया के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है।

Update: 2024-06-15 16:34 GMT

लोकसभा के बाद अब राज्यसभा की 10 सीटों पर उपचुनाव: Photo- Social Media

Rajya Sabha by-election: हाल ही में हुए 2024 के लोकसभा चुनावों के चलते उच्च सदन यानी राज्यसभा में 10 सीटें खाली हो गई हैं। वहीं राज्यसभा सचिवालय ने सात राज्यों में रिक्तियों को अधिसूचित भी कर दिया है। इनमें हरियाणा में एक बार फिर एनडीए और इंडिया के बीच कड़ी लड़ाई दिख सकती है।

हालांकि, महाराष्ट्र में भी राज्यसभा के उपचुनाव पर सबकी निगाहें होंगी। उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन भरा है। वहीं इसको लेकर एनसीपी के वरिष्ठ नेता और मंत्री छगन भुजबल के अनबन की खबरें भी सामने आईं, लेकिन भुजबल ने एक बयान में कहा भी कि हालांकि वह चुनाव लड़ने के इच्छुक थे, लेकिन वह सुनेत्रा पवार के नामांकन से नाराज नहीं हैं। राज्यसभा के उप चुनाव कई राज्यों में दिलचस्प हो सकती है।

यहां हम यहां जानते हैं कि लोकसभा चुनावों के बाद किन-किन राज्य में राज्यसभा में कितनी सीटें खाली हुई हैं? और कौन से राज्यसभा सदस्य लोकसभा चुनाव में जीते हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र में ऐसे सांसदों की कितनी संख्या है? खाली सीटों पर उपचुनाव कब होगा?

कितने राज्यसभा सांसद लोकसभा के लिए चुने गए हैं?

2024 के लोकसभा चुनावों के बाद अब राज्यसभा में 10 सीटें खाली हो गई हैं। राज्यसभा सचिवालय ने इन खाली सीटों के लिए अधिसूचित किया है। जो सीटें रिक्त हुई हैं, उसमें असम, बिहार और महाराष्ट्र में दो-दो, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और त्रिपुरा में एक-एक सीट शामिल हैं। इस अधिसूचना के बाद निर्चाचन आयोग राज्यसभा में इन रिक्तियों को भरने के लिए चुनाव की नई तारीखों की घोषणा करेगा।

 ज्योतिरादित्य सिंधिया : Photo- Social Media

ज्योतिरादित्य सिंधिया

मध्य प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की है। सिंधिया को केंद्र की मोदी कैबिनेट में दूरसंचार और पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय का जिम्मा भी सौंपा गया है।

पीयूष गोयल

भाजपा के महाराष्ट्र से राज्यसभा के सांसद रहे पीयूष गोयल और उदयनराजे भोंसले लोकसभा चुनाव जीत कर लोअर सदन के सदस्य बन गए हैं। गोयल मुंबई उत्तर सीट से लोकसभा के सांसद चुने गए हैं और गोयल को मोदी सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री बनाया गया है। वहीं दूसरे नेता उदयनराजे भोंसले सतारा से सांसद चुने गए हैं

दीपेंद्र हुड्डा: Photo- Social Media

दीपेंद्र हुड्डा

हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने रोहतक लोकसभा सीट से चुनाव जीता है। पहले वह हरियाणा से कांग्रेस के राज्यसभा के सदस्य थे। इसके अलावा मीसा भारती (बिहार), विवेक ठाकुर (बिहार), कामाख्या प्रसाद तासा (असम), सर्बानंद सोनोवाल (असम), केसी वेणुगोपाल (राजस्थान) और बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा) भी लोकसभा का चुनाव जीते हैं।

किन राज्यों में होगा चुनाव?

राज्यसभा की जिन सात राज्यों की 10 सीटों पर रिक्तियों की अधिसूचना जारी की गई है उनमें सात सीटें भाजपा, दो कांग्रेस और एक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पास थीं। कांग्रेस और राजद दोनों ही इंडिया के प्रमुख घटक हैं। जहां असम, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और त्रिपुरा जैसे राज्यों के उम्मीदवारों के आसानी से जीत हासिल करने की संभावना है तो वहीं महाराष्ट्र विधानसभा में एनडीए की पर्याप्त संख्या होने पर इसके दो उम्मीदवार अपनी-अपनी सीट जीत जाएंगे लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद हो रहे उपचुनाव पर सबकी नजरें टिकी होंगी।

हालांकि, हरियाणा में खाली हुई सीट के लिए होने वाले चुनावों में भाजपा को कठिन चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। यहां इंडिया गठबंधन और एनडीए के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। इस तरह से देखा जाए तो यहां दिलचस्प मुकाबला होना तय माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News