अरे ये क्या हो गया है दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को... कहीं मछली पर हुआ बवाल तो कहीं कूलर की हवा पर टूट गई शादी

Cancel Wedding Cases: पिछले कुछ दिनों में देखा गया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर कई शादियां अंतिम समय में टूट गईं। कहीं खाने में मछली नहीं मिलने पर बवाल हो गया, तो कहीं कूलर की हवा नहीं मिलने पर बारात लौट गई। कहीं दूल्हा रूठ जा रहा है तो कहीं दुल्हन शादी से इनकार कर दे रही है।

Written By :  Ashish Kumar Pandey
Update: 2024-07-17 04:53 GMT

Cancel Wedding Cases  (Photo: social media )

Cancel Wedding Cases: बीते एक सप्ताह में यूपी और बिहार के अलग-अलग जगहों से कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जब रस्म पूरी होने से पहले ही शादियां टूट गईं। इनमें से कुछ शादियां तो छोटी-मोटी मामूली सी वजहों के चलते टूट गईं तो वहीं कुछ मामले में पुलिस को काफी मशक्कत से दोनों पक्षों में समझौता कराना पड़ा। वहीं बिहार के भागलपुर से एक ऐसा भी मामला सामने आया जब एक बाराती की हत्या कर दी गई। इस कारण से लड़का-लड़की का विवाह नहीं हो पाया। आज हम यहां कुछ ऐसे ही घटनाओं की चर्चा कर रहे हैं।

पहले बात बिहार से यहां के मुजफ्फरपुर में शुक्रवार की रात गायघाट से बारात बरूराज के धूम नगर आई थी। बारात जब दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची तो बरातियों का जोरदार स्वागत किया गया। मगर ऐन मौके पर जयमाला के समय स्टेज पर जब दुल्हन पहुंची तो दूल्हा ने उसे देखते ही शादी करने से इनकार कर दिया। दरअसल, दूल्हे ने दुल्हन बदल देने का आरोप लगाया क्योंकि जयमाला की स्टेज पर दुल्हन बनकर जो लड़की पहुंची वह दुल्हन की छोटी बहन थी। फिर क्या था इसी बीच लड़के वालों ने पुलिस को भी बुला लिया। तब जाकर पूरा मामला खुला।

लहंगे के कारण बदल गई दुल्हन

बताया जाता है कि मुजफ्फरपुर के गायघाट के टुनटुन कुमार की शादी धूम नगर बखरी के सपना कुमारी से तय हुई थी। जब बारात आई तो दुल्हन को लहंगा पसंद नहीं आया और उसने शादी से ही साफ इंकार कर दिया। तब माता पिता ने उसे काफी समझाया फिर भी वो शादी के लिए तैयार नहीं हुई। फिर किसी तरह उसकी छोटी बहन को शादी के लिए तैयार कर जयमाला के लिए स्टेज पर भेज दिया गया। जब दूल्हे ने देखा की दुल्हन बदल गई है तो उसने शादी से इनकार कर दिया। बरूराज थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सभी को समझाया लेकिन मामला सुलझा नहीं इसके बाद पुलिस सभी को थाने लाई और वहां दूल्हे की शादी वास्तविक दुल्हन से कराई और दोनों की सुबह होते ही विदाई कर दी।


यहां कूलर की वजह से दुल्हन ने शादी से कर दिया इनकार

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में तो एक शादी केवल कूलर के चलते टूट गई। यहां बलिया के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में एक बारात आई हुई थी। बारात के लिए इस उमस भरी गर्मी में कूलर की व्यवस्था की गई थी। एक तरफ शादी की रस्में चल रही थी तो दूसरी तरफ कूलर की हवा खाने को लेकर बारातियों में विवाद हो गया और फिर वे लोग लड़की के घर वालों से भिड़ गए। फिर क्या था विवाद बढ़ता गया और इसका खामियाजा दूल्हे को भुगतना पड़ा। दुल्हन ने कहा कि जब शादी से पहले दूल्हे पक्ष का ये हाल है तो शादी के बाद न जाने क्या होगा? दुल्हन का मानना है कि अभी से झगड़ा शुरू हो गया है तो घर जाने पर क्या होगा। इसी को लेकर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।


दूल्हे के मौसा को दुल्हन के भाई ने मार दी गोली

वहीं बिहार के ही नवगछिया के इस्माईलपुर में 14 जुलाई की रात शिवमन्दिर टोला के अर्जुन मंडल की बेटी पिंकी कुमारी की शादी थी। भागलपुर के पीरपैंती के मोहनपुर निवासी दीपक कुमार से विवाह होने वाला था। बारात दुल्हन के घर पहुंचने ही वाली थी कि तभी लड़की के फुफेरे भाई ने कहा कि दूल्हे की गाड़ी दुल्हन के घर पर लगेगी। दूल्हे के मौसा का कहना था कि गाड़ी दरवाजे तक नहीं जा पायेगी, क्योंकि सड़क के बीचों बीच बिजली का खंभा है। मौसा ने कहा कि मैं दूल्हे को गोद में लेकर दरवाजे तक जाऊंगा।

तभी दुल्हन के फुफेरे भाई ने कट्टा निकालकर एक राउंड हवाई फायरिंग कर दी। जब दूल्हे के मौसा ने ऐसा करने से मना किया तो दुल्हन के फुफेरे भाई ने दूल्हे के मौसा के सिर में गोली मार दी। इसके बाद जमकर बवाल हुआ और बारात दरवाजे से लौट गई। हाथों में मेहंदी लगे दुल्हन इंतजार करती रही और शादी नहीं हो पाई।


देवरिया में बारातियों ने मछली के लिए किया बवाल

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 11 जुलाई को गोपालगंज से बारात आई थी। द्वार पूजा और जयमाला की रस्म पूरी हो चुकी थी। इसके बाद दूल्हे के दोस्त खाना खाने के लिए खाने के स्टॉल की तरफ चले गए। पता चला कि खाने में मछली नहीं परोसी गई है तो वे लोग भड़क गए। दोस्तों ने दूल्हे से इसकी शिकायत की। फिर वाद-विवाद इतना बढ़ गया कि बारातियों ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने भी बारातियों की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने डायल 112 पुलिस को बुला लिया। मगर, पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ बाराती भाग गए थे। यही नहीं दूल्हा भी अपने रिश्तेदारों संग बिना शादी किए बारात लेकर लौट गया और इस तरह यह शादी भी टूट गई।


बांदा में शराबी दूल्हा ने किया हंगामा

यूपी के बांदा में विवाह के दौरान जयमाल के समय दूल्हे की अजीबोगरीब हरकत के चलते दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। दरअसल, शराब के नशे में दूल्हे ने दुल्हन की मां और बाबा को थप्पड़ मार दिया। इससे शादी के रस्मों के बीच हंगामा मच गया। इससे गुस्साई दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और आगे की रस्में रोक दी। वहीं पुलिस दूल्हे समेत चार लोगों को थाने ले गई। इसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मंदिर में दूल्हा-दुल्हन ने एक दूसरे के गले में वरमाला डाली और शादी की रस्में पूरी कराई गईं।



Tags:    

Similar News