Sam Pitroda on China: चीन भारत का दुश्मन नहीं… सैम पित्रोदा के बयान पर घमासान, BJP का पलटवार,कहा-कांग्रेस का एग्रीमेंट उजागर

Sam Pitroda on China: अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गांधी परिवार के करीबी सैम पित्रोदा के एक और बयान पर घमासान छिड़ गया है। सैम पित्रोदा ने कहा है कि चीन भारत का दुश्मन नहीं है और भारत को चीन को अपना दुश्मन मानना बंद कर देना चाहिए।;

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2025-02-17 16:32 IST

Sam Pitroda on China: अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गांधी परिवार के करीबी सैम पित्रोदा के एक और बयान पर घमासान छिड़ गया है। सैम पित्रोदा ने कहा है कि चीन भारत का दुश्मन नहीं है और भारत को चीन को अपना दुश्मन मानना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन से खतरे को हमेशा बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया जाता रहा है। हमें इस मानसिकता को बदलना होगा।

सैम पित्रोदा के इस बयान पर सियासी घमासान छिड़ गया है और भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सैम पित्रोदा का बयान भारत की संप्रभुता और कूटनीति पर गहरा आघात है। उनकी टिप्पणी को शहीदों का अपमान बताते हुए भाजपा नेता ने कहा कि चीन के साथ कांग्रेस के एग्रीमेंट का खुलासा हो गया है। इससे साफ हो गया है कि चीन के प्रति कांग्रेस का रवैया नरम क्यों रहता है।

चीन के प्रति बदलनी होगी मानसिकता

सैम पित्रोदा ने एक न्यूज़ एजेंसी को दिए गए इंटरव्यू में कहा है कि मुझे यह बात समझ में नहीं आती है कि भारत को चीन से क्या खतरा है। भारत को चीन के प्रति अपने नजरिए को बदलने की जरूरत है। चीन को दुश्मन मानने के बजाय हमें उसे सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि पहले दिन से ही हमारा रवैया टकराव का रहा है और यह दुश्मनी पैदा करता है।

इस सवाल पर कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन से खतरों को नियंत्रित कर पाएंगे, सैम पित्रोदा ने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी देशों को एक दूसरे के साथ सहयोग करना चाहिए,न कि टकराव। उन्होंने कहा कि चीन से खतरे को हमेशा बढ़ा-चढ़ा कर बताया जाता है क्योंकि अमेरिका का स्वभाव दुश्मन बताने का है। हमें इस मानसिकता को बदलना होगा।

भाजपा ने बताया शहीदों का अपमान

कांग्रेस नेता के इस बयान पर भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सैम पित्रोदा का बयान गलवान के शहीदों का अपमान है। हमारे जवान चीन से लड़ते हुए शहीद हो गए मगर फिर भी कांग्रेस के ओवरसीज चीफ की ओर से इस तरह का बयान दिया गया है। चीन भारत को ही आक्रमणकारी के रूप में दिखाता रहा है और सैम पित्रोदा का बयान भी ऐसा है,जैसे भारत ही आक्रामक हो। सैम पित्रोदा की ओर से दिया गया बयान भारत की संप्रभुता और कूटनीति पर गहरा आघात है।

चीन के साथ कांग्रेस का एग्रीमेंट

उन्होंने चीन के साथ कांग्रेस का एग्रीमेंट होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा का बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान से अलग नहीं है। राहुल गांधी ने भी अपने विदेश दौरे पर कहा था कि चीन ने काफी संघर्ष किया है। उन्होंने हाल में चीन की तारीफ करते हुए यह भी कहा था कि चीन ने बेरोजगारी से निपटने में काफी अच्छा काम किया है।

कांग्रेस के लोग यह भी कहा करते हैं कि चीन में यहां से ज्यादा प्रेस की आजादी है जबकि इस बारे में सच्चाई सबको पता है। सैम पित्रोदा की टिप्पणी कांग्रेस नेताओं की मानसिकता को दर्शाती है और यह कांग्रेस के नेताओं की ओर से पूर्व में दिए गए बयानों से मेल खाती है।

चीन के प्रति खास लगाव का आरोप

भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने भी कांग्रेस पर चीन के प्रति खास लगाव रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भारत की 40,000 वर्ग किलोमीटर जमीन चीन को दे दी, उन्हें अभी भी चीन से कोई खतरा महसूस नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब भारत में चीन के खिलाफ व्यापार और सुरक्षा को लेकर चिंताएं थीं, उस समय कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चीन के बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव का समर्थन किया था।

Tags:    

Similar News