Hath Se Hath Jodo: कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान आज से, घर-घर राहुल का संदेश पहुंचाने की तैयारी, प्रियंका अहम भूमिका में

Congress Hath Se Hath Jodo: इस अभियान के तहत केंद्र सरकार की विफलताओं को उजागर करने की तैयारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में प्रमुख भूमिका निभाएंगी।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-01-26 04:36 GMT

Hath Se Hath Jodo campaign (photo: social media )

Congress Hath Se Hath Jodo: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में निकली भारत जोड़ो यात्रा का जल्द ही समापन होना है मगर उससे पहले कांग्रेस एक और बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। कांग्रेस की हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा आज से शुरू होने वाली है और पार्टी इसके जरिए घर-घर दस्तक देने की तैयारी में जुटी हुई है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता राहुल गांधी का संदेश घर-घर पहुंचाएंगे। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब पार्टी का पूरा फोकस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान पर होगा।

इस अभियान के तहत केंद्र सरकार की विफलताओं को उजागर करने की तैयारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में प्रमुख भूमिका निभाएंगी। पार्टी की ओर से सभी राज्यों की राजधानियों में महिला मार्च निकालने की तैयारी है जिसकी अगुवाई प्रियंका गांधी करेंगी। भारत जोड़ो यात्रा के बाद इस अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत लगा रखी है।

सियासी नजरिए से काफी अहम है अभियान

इस साल देश के नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और उसके बाद अगले साल दिल्ली की सत्ता के लिए बड़ी सियासी जंग होनी है। इस कारण कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस अभियान के तहत पार्टी की तैयारी विभिन्न राज्यों में सीधे मतदान केंद्रों तक पहुंचने की है।

पार्टी की ओर से दस लाख मतदान केंद्रों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पार्टी की ओर से ढाई लाख ग्राम पंचायतों और छह लाख गांवों तक पहुंचने की तैयारी है। इस दौरान पार्टी की ओर से घर-घर दस्तक देकर राहुल गांधी का संदेश पहुंचाया जाएगा।

राहुल का संदेश पहुंचाने की तैयारी

कांग्रेस के मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को देश के लोगों से ढेर सारी जानकारियां मिली हैं। कांग्रेस की ओर से तैयार की गई चार्जशीट में इन बातों को शामिल किया गया है। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत राहुल गांधी का पत्र देश के गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी है। राहुल गांधी के इस पत्र में देश के लोगों की बातों को शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को देशवासियों का अपार समर्थन हासिल हुआ है और अब पार्टी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत देशवासियों से संपर्क साधने की कोशिश करेगी। कांग्रेस ने जिन उद्देश्यों को लेकर यह यात्रा निकाली है, उन उद्देश्यों को पूरा करने के लिए पार्टी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। खेड़ा ने कहा कि इस अभियान के तहत पार्टी की ओर से विभिन्न मोर्चों पर केंद्र सरकार की विफलताओं को उजागर करने की तैयारी है।

प्रियंका की अगुवाई में महिला मार्च की तैयारी

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत विभिन्न राज्यों की राजधानियों में महिला मार्च निकालने की तैयारी है। इसकी अगुवाई पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी करेंगी। इसके साथ ही वे अभियान के तहत आयोजित होने वाली पार्टी की रैलियों में भी हिस्सा लेंगी। हरियाणा और पंजाब का साझा मार्च चंडीगढ़ में निकाला जाएगा क्योंकि चंडीगढ़ दोनों प्रदेशों की साझा राजधानी है।

जिला स्तर पर भी सम्मेलन और अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे।

Tags:    

Similar News