National Party Status: केजरीवाल की AAP बनी राष्ट्रीय दल, NCP-TMC-CPI से छिना दर्जा...जयंत चौधरी के RLD को झटका

AAP National Party: चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया तो तीन बड़ी पार्टियों को तगड़ा झटका भी दिया। NCP, TMC और CPI से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा वापस ले लिया।

Update: 2023-04-10 20:42 GMT
अरविंद केजरीवाल (Social Media)

AAP National Party: केंद्रीय चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दे दिया है। AAP का चुनाव चिन्ह झाड़ू जारी रहेगा। इसके साथ ही, इलेक्शन कमीशन ने सोमवार (10 अप्रैल) को तीन पार्टियों से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा छीन लिया। चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस (TMC), CPI और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा वापस ले लिया है।

चुनाव आयोग ने कहा, कि ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC), शरद पवार की एनसीपी (NCP) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (CPI) का राष्ट्रीय स्तर का दर्जा छिन गया है। पूर्वोत्तर के राज्यों में हुई हार के बाद एनसीपी से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा छिना है।

अरविंद केजरीवाल ने किया ट्वीट

आम आदमी पार्टी (AAP) को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा, 'इतने कम समय में राष्ट्रीय पार्टी? ये किसी चमत्कार से कम नहीं। सबको बहुत बहुत बधाई देश के करोड़ों लोगों ने हमें यहां तक पहुंचाया। लोगों को हमसे बहुत उम्मीद है। आज लोगों ने हमें ये बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी दी है हे प्रभु, हमें आशीर्वाद दो कि हम ये ज़िम्मेदारी अच्छे से पूरी करें।'

पिछले चुनाव के आधार पर लिया फैसला

भारत चुनाव आयोग ने पिछले चुनावों के दौरान इन पार्टियों को मिले वोट तथा चुने गए जनप्रतिनिधियों के आधार पर ये फैसला लिया है। इस विषय पर कार्यवाही करते हुए चुनाव आयोग ने सोमवार शाम आंकड़े जारी किए। जिसके तहत राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पार्टियों को दर्जा दिया और छीना गया है।

इन्हें राज्य स्तर की पार्टी का दर्जा

लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) को नागालैंड (Nagaland) में राज्य स्तर की पार्टी का दर्जा प्राप्त हुआ है। वहीं, पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का बंगाल और त्रिपुरा में राज्य स्तर की पार्टी का दर्जा जारी रहेगा। टिपरा मोथा पार्टी को त्रिपुरा में राज्य पार्टी के रूप में मान्यता दी गई है।

जयंत चौधरी की RLD से छिना राज्य पार्टी का दर्जा

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को आंध्र प्रदेश में राज्य पार्टी के रूप में अमान्य किया गया है। निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का एक राज्य पार्टी का दर्जा वापस ले लिया है। वहीं, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (Revolutionary Socialist Party) को बंगाल में एक राज्य पार्टी के रूप में अमान्य करार दिया गया है। जबकि, मेघालय में 'वॉइस ऑफ द पीपुल' पार्टी को राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता मिली है।

Tags:    

Similar News