Jharkhand Election 2024: तेजस्वी यादव को मनाने में कामयाब रहे सोरेन, राजद को मिलीं इतनी सीटें

Jharkhand Election 2024: मुख्यमंत्री सोरेन की ओर से झामुमो और कांग्रेस के राज्य की 70 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद राजद ने सख्त नाराजगी जताई थी।

Report :  Anshuman Tiwari
Update:2024-10-22 09:58 IST

Jharkhand Election 2024 (Pic: Social Media)

Jharkhand Election 2024: झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन आखिरकार राजद नेता तेजस्वी यादव को मनाने में कामयाब हो गए हैं। पिछले चार दिनों के दौरान हेमंत सोरेन ने तेजस्वी यादव से पांच बार मुलाकात की है। इन मुलाकातों के बाद दोनों नेताओं के बीच बात बन गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा और राजद के बीच समझौता हो गया है और इसके तहत राजद झारखंड की आठ विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए राजी हो गया है। हालांकि इससे पूर्व राजद की ओर से इससे अधिक सीटों पर दावेदारी की जा रही थी।

राजद ने दिखाए थे तीखे तेवर

मुख्यमंत्री सोरेन की ओर से झामुमो और कांग्रेस के राज्य की 70 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद राजद ने सख्त नाराजगी जताई थी। इसके बाद राजद ने तीखे तेवर दिखाते हुए गठबंधन में अनदेखी का आरोप लगाया था। राजद नेता और सांसद मनोज झा का कहना था कि सीटों के संबंध में घोषणा से पहले राजद से कोई चर्चा नहीं की गई। उन्होंने राज्य की 17-18 सीटों पर पार्टी को मजबूत बताते हुए चुनाव लड़ने का संकेत दिया था।


हेमंत सोरेन ने तेजस्वी को मनाया

राजद के इस तेवर से खलबली मच गई थी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तेजस्वी यादव को मनाने की कोशिश की। दोनों नेताओं के बीच हुई कई बैठकों में इस विवाद को सुलझा लिया गया है जानकार सूत्रों का कहना है कि राजद के राज्य की आठ विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक सत्तारूढ़ महागठबंधन में आज सीट बंटवारे का ऐलान किया जा सकता है।

एकजुट होकर चुनाव लड़ने का रास्ता साफ

राजद के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से हमें सात सीटों की पेशकश की गई थी। हमने नौ सीटों की डिमांड की थी और अब आठ सीटों पर समझौता होने की उम्मीद है। राजद को मनाने में कामयाबी मिलने के बाद अब सत्तारूढ़ महागठबंधन के एकजुट होकर चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया है। वैसे इंडिया ब्लॉक के घटक सीपीआई-एमएल की ओर से पांच सीटों की डिमांड की गई है। पार्टी को तीन सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार की सुबह सीपीआई-एमएल के नेताओं से मुलाकात की थी। बाद में उन्होंने शाम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सीटों को लेकर चर्चा की। वैसे अन्य वामपंथी दलों सीपीआई और सीपीएम ने भी राज्य में चुनाव लड़ने की बात कही है।


कांग्रेस ने जारी की 21 प्रत्याशियों की सूची

इस बीच कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की सोमवार को दिल्ली में हुई बैठक के बाद झारखंड में 21 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया गया है। बैठक के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने झारखंड और महाराष्ट्र के उम्मीदवारों को लेकर गहराई से मंथन किया। पार्टी ने अभी महाराष्ट्र में किसी भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है मगर झारखंड में 21 उम्मीदवारों की सूची देर रात जारी कर दी गई है। झारखंड में 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होने वाला है। बीजेपी झारखंड में 66 उम्मीदवारों की सूची पहले ही जारी कर चुकी है।

Tags:    

Similar News