Hurun India Rich List 2023: हुरून रिचलिस्ट में यूपी के 34 उद्योगपति शामिल, घड़ी समूह के मालिक मुरलीधर का जलवा बरकरार

Hurun India Rich List 2023: हुरून इंडिया रिचलिस्ट ने जो सूची जारी की है, उसमें पहली बार उत्तर प्रदेश के 34 ऐसे उद्योगपति शामिल किए गए हैं, जिनका नेटवर्थ एक हजार करोड़ से अधिक का है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-10-12 05:05 GMT

Ghadi owner Muralidhar Gyanchandani  (photo: social media )

Hurun India Rich List 2023: धुनकुबेरों की सूची जारी करने वाली संस्था हुरून इंडिया रिचलिस्ट ने साल 2023 की सूची जारी कर दी है। इसके मुताबिक रिलायंस समूह के मुखिया मुकेश अंबानी अडाणी ग्रुप के चेयरमेन गौतम अडानी को पछाड़कर देश के सबसे रईस शख्स बन गए हैं। हुरून इंडिया रिचलिस्ट ने जो सूची जारी की है, उसमें पहली बार उत्तर प्रदेश के 34 ऐसे उद्योगपति शामिल किए गए हैं, जिनका नेटवर्थ एक हजार करोड़ से अधिक का है। पिछली बार यानी 2022 में ये संख्या 25 थी। जबकि साल 2021 में प्रदेश के 22 ऐसे उद्योगपतियों को इसमें जगह मिली थी।

हुरून इंडिया रिचलिस्ट में धीरे-धीरे यूपी के उद्योगपतियों की संख्या में हो रहा इजाफा यहां की बदलती तस्वीर को बयां करता है। जो कभी देश के बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाता था। यूपी के सबसे रईस शख्स होने का खिताब इस बार भी घड़ी समूह के मालिक मुरलीधर ज्ञानचंदानी को मिला है। उनकी संपत्ति 14000 करोड़ रूपये की आंकी गई है, जो कि पिछले साल से दो हजार करोड़ अधिक है। 2021 में उनकी नेटवर्थ 9800 करोड़ रूपये थी।


कौन है यूपी का दूसरा सबसे अमीर शख्स ?

उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे अमीर शख्स भी अरबपति कारोबारी मुरलीधर ज्ञानचंदानी के परिवार का है। हुरून इंडिया रिचलिस्ट के मुताबिक, उनके भाई विमल ज्ञानचंदानी 9400 करोड़ की संपत्ति के साथ प्रदेश के दूसरे सबसे रईस इंसान हैं। पिछले साल यानी 2022 में उनका नेटवर्थ 8 हजार करोड़ रूपया था। इससे पहले यानी 2021 में 6600 करोड़ की संपत्ति के साथ वे प्रदेश के तीसरे सबसे अमीर इंसान थे। विमल ज्ञानचंदानी के बाद उद्योगपति दिनेश चंद्र अग्रवाल (5700 करोड़), सचिन अग्रवाल (4300 करोड़) और अनिल कुमार सिंह (4200 करोड़) का नंबर आता है।


किस शहर के कितने धनकुबेरों को मिली जगह

हुरून इंडिया रिचलिस्ट की सूची में यूपी के जिन 34 उद्योगपतियों को जगह मिली है, उनमें सबसे अधिक नोएडा के हैं। दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के 10 उद्योगपतियों को इसमें शामिल किया गया है। इसके बाद 6-6 कानपुर व आगरा, पांच लखनऊ, 2 गाजियाबाद, और एक-एक उद्योगपति फैजाबाद, इलाहाबाद, गोरखपुर, दादरी और अलीगढ़ के हैं।

बीते साल यानी 2022 में भी नोएडा इस सूची में टॉप पर रहा था। पिछले साल के 25 अरबपतियों में 8 नोएडा के, छह आगरा, कानपुर और लखनऊ के पांच-पांच और प्रयागराज के एक उद्योगपति को जगह मिली थी।


देश के 10 शीर्ष रईस इंसान

हुरून इंडिया रिचलिस्ट 2023 के मुताबिक, देश के 10 शीर्ष रईस इंसान ये हैं - मुकेश अंबानी, गौतम अडाणी, सायरस एस.पूनावाला, शिव नाडर, गोपीचंद हिंदूजा, दिलीप संघवी, लक्ष्मीनिवास मित्तल, राधाकिशन दमानी, कुमार मंगलम बिरला और नीरज बजाज।

Tags:    

Similar News