अभी ठंड से नहीं मिलेगी राहत: इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट, पड़ेगी भयानक सर्दी

मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में अगले 26 जनवरी तक और पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दो दिन तक कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इसके साथ ही 27 जनवरी तक उत्‍तरी राजस्‍थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश और पश्चिमी मध्‍य प्रदेश में शीतलहर चलेगी।

Update: 2021-01-25 03:51 GMT
उत्तर भारत में भीषण ठंड पड़ रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।

नई दिल्‍ली: उत्‍तर भारत में भीषण ठंड पड़ रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। इसके साथ ही शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने बताया है कि सोमवार से दिल्‍ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के न्‍यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावच शुरू होगी। इससे ठंड में इजाफा होगा और सर्द हवाएं भी चलेंगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में अगले 26 जनवरी तक और पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दो दिन तक कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इसके साथ ही 27 जनवरी तक उत्‍तरी राजस्‍थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश और पश्चिमी मध्‍य प्रदेश में शीतलहर चलेगी। सोमवार से जम्‍मू कश्‍मीर से पश्चिमी विक्षोभ के उत्‍तर-पूर्व की ओर बढ़ने की वजह से मौसम में यह बदलाव हुआ है।

हिमाचल में बर्फबारी

मौसम विभाग ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश के कुफरी, भरमौर, केलोंग और कल्पा में बर्फबारी हुई है। इसके साथ हिमाचल के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश हुई है। लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केन्द्र केलोंग प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र है यहां तापमान शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है।

ये भी पढ़ें...भारत- चीन की अहम बैठक: 11 घंटे तक LAC तनाव पर चर्चा, निकला ये परिणाम

राजस्थान में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। भीलवाड़ा में सबसे कम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कि कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में रविवार को बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन बादलों के बीच सुबह के समय धूप भी निकली।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा है। इसके अलावा गुलमर्ग का तापमान शनिवार रात माइनस 11 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम का तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें...चीन सीमा सुरक्षा मुद्दे पर राहुल का तंज, बार्डर भूलकर किसानों को रोक रही सरकार

दिल्ली में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि दिल्ली में 27 जनवरी को न्यूनतम तापमान एक बार फिर 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। पक्षिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है, तो वहीं, बर्फ से ढके पहाड़ों से बहने वाली सर्द, शुष्क हवाओं की वजह से ठंड और बढ़ सकती है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंडी हवाओं ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News