12 अभ्यर्थियों की मौत के बाद चेती झारखंड सरकार, सिपाही भर्ती की दौड़ के नियम में होगा बड़ा बदलाव

Jharkhand Constable Recruitment: पुलिस विभाग की ओर से सरकार के समक्ष दो विकल्प रखे गए हैं। सिपाही भर्ती के लिए अब 5 या 6 मिनट में 1.6 किलोमीटर या 25 मिनट में 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने का विकल्प रखा गया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-09-05 04:54 GMT

Jharkhand Constable Recruitment   (photo: social media ) 

Jharkhand Constable Recruitment: झारखंड में इन दिनों सिपाही भर्ती अभियान चल रहा है मगर इस भर्ती की दौड़ के दौरान 12 अभ्यर्थियों की मौत हो गई। इसे लेकर काफी हो-हल्ला मचने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भर्ती अभियान पर तीन दिनों के लिए रोक लगा दी थी। भर्ती अभियान के लिए तय किए गए नियम के मुताबिक अभ्यर्थियों को 60 मिनट में 10 किलोमीटर की दौड़ लगानी होती है मगर अब झारखंड सरकार इस नियम में बदलाव करने जा रही है। 12 अभ्यर्थियों की मौत के बाद अब दौड़ की दूरी और समय दोनों कम करने का फैसला किया गया है।

दौड़ के नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी

एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक अब झारखंड में सिपाही भर्ती अभियान के तहत दौड़ के नियमों में व्यापक बदलाव किया जा रहा है। पुलिस विभाग की ओर से सरकार के समक्ष दो विकल्प रखे गए हैं। सिपाही भर्ती के लिए अब 5 या 6 मिनट में 1.6 किलोमीटर या 25 मिनट में 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने का विकल्प रखा गया है।

इसका मतलब साफ है कि अब अभ्यर्थियों को 10 किलोमीटर की दौड़ नहीं लगानी होगी। झारखंड के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरकार के समक्ष ये दोनों विकल्प पेश किए गए हैं। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इनमें से एक विकल्प पर मुहर लगा दी जाएगी।


सेना और अर्धसैनिक बलों की तरह बनेगा नियम

इस नियम को आने वाली अन्य भर्तियों और परीक्षाओं में भी लागू करने की तैयारी है। सेना और अर्धसैनिक बलों में भर्ती अभियान के लिए तय नियम के अनुरूप झारखंड में सिपाही भर्ती के लिए भी नियम तय करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक भारतीय सेना में 5.45 मिनट में 1.6 कि की दौड़ लगानी होती है। महिलाओं को यह दौड़ पूरी करने के लिए साढ़े सात मिनट का समय दिया जाता है।

अर्धसैनिक बलों में भर्ती के लिए 24 मिनट में 5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने का नियम निर्धारित है। वहीं महिलाओं के लिए अलग मानक निर्धारित किया गया है। महिलाओं को फाढ़े आठ मिनट में 1.6 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होती है। इसी के मद्देनजर अब झारखंड के पुलिस भर्ती अभियान में भी नियम तय करने का प्रयास किया जा रहा है।


12 अभ्यर्थियों की मौत के बाद रुक गया था अभियान

झारखंड में पुलिस भर्ती अभियान के दौरान 12 अभ्यर्थियों की मौत को लेकर काफी चिंता जताई गई थी। भर्ती अभियान को लेकर सवाल भी खड़े किए जा रहे थे। दौड़ पूरी करने के दौरान और बाद में कई अभ्यर्थी मौत का शिकार हुए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा कदम उठाते हुए 5 सितंबर तक भर्ती अभियान पर रोक लगा दी थी।

उन्होंने सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया में बदलाव पर जोर दिया था जिसके बाद अब दौड़ के नियमों में बड़ा बदलाव किए जाने की तैयारी है। वैसे झारखंड में सिपाही भर्ती की 80 फ़ीसदी प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है मगर अब बदलावों को आगे की भर्ती प्रक्रिया में लागू किया जाएगा।



Tags:    

Similar News